84 कोसी परिक्रमा, अयोध्या : सिंघल, तोगड़िया गिरफ्तार


विहिप ने शुरू की यात्रा
84 कोसी परिक्रमा, अयोध्या : सिंघल, तोगड़िया गिरफ्तार, 
ज़ी मीडिया ब्यूरो/एजेंसी
अयोध्या/लखनऊ : विश्व हिन्दू परिषद ने आज अयोध्या से अपनी विवादास्पद यात्रा की प्रतीकात्मक शुरूआत की, जबकि प्रशासन ने जबर्दस्त धरपकड़ के बीच संगठन के शीर्ष नेताओं अशोक सिंघल, प्रवीण तोगड़िया और राम विलास वेदांती को गिरफ्तार कर लिया। तोगड़िया को जहां अयोध्या से गिरफ्तार किया गया, वहीं सिंघल को लखनऊ हवाई अड्डे से हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने लखनऊ में बताया कि स्वामी राम भद्राचार्य के साथ नई दिल्ली से पहुंचे सिंघल को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह अयोध्या जाने की जिद पर अड़ गए। अयोध्या के गोलाघाट में अपनी गिरफ्तारी के तुरंत बाद तोगड़िया ने कहा कि चौरासी कोसी परिक्रमा पर उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिबंध के खिलाफ कल समूचे देश में प्रदर्शन किए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘यह राजनीतिक नहीं, बल्कि धार्मिक यात्रा है और इस पर सरकार का प्रतिबंध तथा दमन किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’ तोगड़िया ने कहा, ‘अब यह आंदोलन भारत के गांव-गांव में जायेगा और कल देश के सभी जिला मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।’ इसके पूर्व उत्तर प्रदेश सरकार के साथ टकराव का मोर्चा खोलते हुए रामजन्भूमि न्यास समिति के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास अपने मंदिर मणिराम छावनी से बाहर निकले और कुछ साधु संतों के साथ दस कदम चल कर यात्रा की प्रतीकात्मक शुरूआत की। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
गोपालदास ने कहा, ‘हमने यात्रा शुरू कर दी है। लेकिन इस यात्रा का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। यह यात्रा बारहों महीने चलती (यह कोई समयबद्ध नहीं) है।’ प्रशासन ने तोगड़िया और सिंघल के अतिरिक्त एक पूर्व भाजपा सांसद तथा एक वर्तमान विधायक सहित 500 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। सिंघल को हवाई अड्डे से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गयी है। सिंघल ने कहा, ‘मुझे क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है। हमने कौन सा अपराध किया है हमें बताया जाए। उत्तर प्रदेश में मुगलिया सल्तनत चल रही है। साधु संतों को पूजा अर्चना से रोका जा रहा है।’ उन्होंने हवाई अड्डा छोड़ने से इनकार किया।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह दिल्ली वापस जाएंगे, सिंघल ने कहा, ‘मैं दिल्ली वापस क्यों जाऊंगा। मैं तो अयोध्या जाने के लिए आया हूं।’ इस बीच, सिंघल को हिरासत में लिए जाने के विरोध में हवाई अड्डे के बाहर मौजूद बड़ी संख्या में भाजपा और विहिप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए।
यात्रा शुरू होने से पहले पूर्व भाजपा सांसद रामविलास वेदांती और वर्तमान विधायक रामचंद्र यादव को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वेदांती को आज सुबह करीब सात बजे उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह अपने घर से परिक्रमा के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि विधायक रामचंद्र यादव को भी यहां से गिरफ्तार कर लिया गया।

-----------------
परिक्रमा को लेकर विहिप ने बिछाई दोहरी बिसात
Sat, 24 Aug 2013
एटा [अनिल गुप्ता]। विश्व हिंदू परिषद की अयोध्या में 25 अगस्त से प्रस्तावित 84 कोसी परिक्रमा में राम भक्तों को पहुंचाने के लिए फ्रंट-बैक रणनीति बनाई है। इसे भेदना सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के लिए आसान नहीं होगा। साधु-संतों के जत्थे पीछे रहेंगे, जबकि संघ परिवार के कार्यकर्ताओं की टीमें संतों को कवर करते हुए फ्रंटलाइन पर रहेंगी।
गिरफ्तारी की नौबत आने पर कार्यकर्ता जेल चले जाएंगे और संतों को एक-एक, दो-दो करके यात्रियों के रूप में अयोध्या पहुंचा दिया जाएगा। अयोध्या परिक्रमा को लेकर सरकार और हिंदूवादी संगठनों में टकराव तय माना जा रहा है। विहिप की योजना है कि ज्यादा से ज्यादा साधु-संतों को अयोध्या पहुंचाया जाए। 25 अगस्त को जयपुर और कानपुर क्षेत्र के संतों का जत्था परिक्रमा की शुरुआत करेगा।
फ्रंटलाइन टीमें घोषित कार्यक्रम के तहत अयोध्या के लिए गाजे-बाजे के साथ कानपुर से कूच करेंगी। अगर गिरफ्तारी हो जाती है, तो संतों को ट्रेनों, बसों व अन्य वाहनों से टुकड़ों में रवाना कर दिया जाएगा। ब्रज के साधु-संत और संघ परिवार के सदस्य पांच सितंबर को अयोध्या पहुंचेंगे। फैजाबाद जनपद के गांवों में इनके रुकने की व्यवस्था की गई है। छह सितंबर की सुबह निर्देश मिलते ही वे अयोध्या पहुंचेंगे।
विहिप ने पहले निजी वाहनों से संतों को पंहुचाने की योजना बनाई थी, मगर सरकार के रुख को देखते हुए रणनीति में बदलाव किया है। दरअसल, विहिप की मंशा यह है कि एक तीर से दो निशाने साधे जाएं। मतलब कि चौरासी कोसी परिक्रमा भी सफल हो जाए और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से 1990-92 जैसा माहौल भी बन सके। विहिप के ब्रज प्रांत अध्यक्ष प्रमोद जाजू का कहना है कि जैसे पहले राम मंदिर आंदोलन सफल हुआ था, वैसे ही यह भी रहेगा।
साधु-संतों को बड़ी संख्या में तैयार किया जा रहा है। प्रमुख पदाधिकारियों से कहा गया है कि वे शुरुआत में गिरफ्तारी से बचें और भूमिगत रहकर काम करें। विभाग संगठन मंत्री प्रदीप कुमार ने बताया कि अधिक संख्या में संतों को एकत्रित करने की जिम्मेदारी एटा-कासगंज, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मैनपुरी, फीरोजाबाद और हाथरस जिलों को सौंपी गई है। परिक्रमा को जाने वाले संतों और प्रमुख नेताओं को बता दिया गया है कि रास्ते में हर पड़ाव पर प्रमुख कार्यकर्ता मिलेंगे, जो उन्हें रहने के ठिकानों तक पहुचाएंगे।
अयोध्या के आसपास के जिलों में संतों को ठहराने के लिए हालांकि घरों में व्यवस्थाएं की गई हैं, मगर संगठन की ओर से प्रत्येक संत को अपने साथ कम से कम एक लोटा, चादर और सत्तू अवश्य रखने की सलाह दी गई है। अयोध्या जाने वाले संतों को रवाना होने से पहले यह जानकारी नहीं होगी कि उन्हें किस गांव में जाकर रुकना है।
-------------------
अयोध्या की सीमाएं सील, साधुओं की गिरफ्तारी शुरू
Sat, 24 Aug 2013 
लखनऊ [जागरण न्यूज नेटवर्क]। अयोध्या में चौरासी कोसी परिक्रमा पर प्रतिबंध के फैसले को अमल में लाने के लिए पुलिस व प्रशासन ने कमर कस ली है। अयोध्या की सीमाएं सील कर दी गई हैं और निषेधाज्ञा तोड़ने वालों को गिरफ्तार करने की हिदायत दी गई है। फैजाबाद जिला प्रशासन ने विश्व हिंदू परिषद के 70 नेताओं व सक्रिय कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी कर दिए हैं। जिनके खिलाफ वारंट जारी किए गए हैं उनमें संगठन के शीर्ष नेता अशोक सिंहल, प्रवीण तोगड़िया और रामविलास वेंदाती शामिल हैं। सूचना है कि इलाहाबाद से सरकारी इंतजामों को चकमा देकर सैकड़ों संत अयोध्या रवाना हो गए हैं। अयोध्या पहुंचने के लिए उन्होंने ग्रामीण पैदल रास्तों को पकड़ा है।
प्रदेश मुख्य सचिव जावेद उस्मानी ने शुक्रवार को प्रमुख सचिव गृह आरएम श्रीवास्तव, डीजीपी देवराज नागर, लखनऊ जोन के आइजी सुभाष चंद्र और अन्य अधिकारियों के साथ परिक्रमा की घोषणा से उपजी स्थितियों से निपटने के लिए अब तक उठाए गए कदमों की समीक्षा की। प्रभाव वाले इलाके को चार जोनों में बांटा गया है। जिसकी निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों को संयुक्त रूप से सौंपी गई है। अधिकारियों से कहा गया है कि अयोध्या की ओर से जाने वाली सभी रास्तों को सील कर दिया जाए। गहन छानबीन के बाद ही वाहनों को आगे की ओर रवाना किया जाए। जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों में पीएसी के साथ अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियां तैनात की जाएं। पुलिस अधिकारियों ने मुख्य सचिव को बताया कि अयोध्या शहर में त्रिस्तरीय सुरक्षा के इंतजाम हैं। पीएसी की गोताखोर इकाई भी तैनात कर दी गई है। यह खासतौर पर सरयू तट पर सक्रिय रहेगी।

पड़ोसी राज्यों से मांगी खुफिया जानकारी
आइजी [कानून व्यवस्था] राजकुमार विश्वकर्मा के अनुसार स्थिति से निपटने के लिए सभी पड़ोसी राज्यों से खुफिया जानकारियों का सहयोग मांगा गया है। इससे उत्तर प्रदेश की ओर आने वाले लोगों की संख्या के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी।

उत्तराखंड में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में चौरासी कोसी परिक्रमा पर प्रतिबंध की घोषणा के मद्देनजर उत्तराखंड प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। उप्र से लगने वाली सीमा पर खासतौर पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सीमावर्ती जिलों में सूचनाओं में आदान-प्रदान हो रहा है।

अशोक सिंहल दिल्ली रवाना
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक अशोक सिंहल को शुक्रवार इलाहाबाद में नजरबंद कर दिया गया। प्रशासन ने प्रात: करीब साढ़े दस बजे सिंहल के कमला नेहरू अस्पताल के सामने स्थित आवास को घेर लिया। दोपहर 12.30 तक उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। दोपहर बाद सिंहल ने कहा कि वह पारिवारिक कार्यक्रम में शरीक होने इलाहाबाद आए थे और अब दिल्ली जा रहे हैं। इस पर उन्हें बमरौली एयरपोर्ट तक ले जाया गया। इलाहाबाद के एसएसपी उमेश श्रीवास्तव ने बताया कि शासन ने सिंहल को अयोध्या की ओर जाने की स्थिति में नजरबंद करने का आदेश दिया था। जबकि सिंहल ने खुद को नजरबंद किए जाने से इन्कार किया।
-----------------------
संतों ने भरी हुंकार, परिक्रमा होकर रहेगी
Sat, 24 Aug 2013

लखनऊ, जागरण टीम। अयोध्या में चौरासी कोसी परिक्रमा को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है तो वहीं साधु-संतों ने एलान किया है कि यात्रा होकर रहेगी। विहिप के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक अशोक सिंहल ने इलाहाबाद में फिर कहा कि चाहे जितनी भी रोक लगा दी जाए, धर्मगुरुओं की अगुवाई में परिक्रमा होगी।

अशोक सिंहल ने यात्रा को प्रदेश की समाजवादी पार्टी द्वारा मुस्लिम मतों के लिए की जा रही कवायद करार दिया। सिंहल ने परिक्रमा पथ पर प्रदेश सरकार द्वारा 21 बैरियर बनाने का दावा करते हुए कहा कि अयोध्या ही नहीं, अब शासन के इन बैरियर से सटे क्षेत्रों में कोई मुस्लिम स्मारक भी नहीं बनने दिया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि संतों ने अयोध्या की परिक्रमा का जो प्रण लिया है। जिसे पूरा कराने के लिए विहिप हर कुर्बानी देने को तैयार है।

अयोध्या से महज साठ किमी के फासले पर स्थित सुलतानपुर परिक्रमा के लिहाज से महत्वपूर्ण बन पड़ा है। यहां विहिप के परिक्रमा प्रभारी फतेहपुर संगत के महंत धर्मप्रकाश ने कहा बीस जिलों से संत-महात्मा इसी रास्ते से होकर अयोध्या जाएंगे। वे हमारे अतिथि रहेंगे और प्रशासन ने यदि उन्हें रोकने की कोशिश की तो कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। अमेठी के बाबूगंज सगरा आश्रम के पीठाधीश्वर अभय चैतन्य बाल ब्रह्माचारी मौनी महाराज भी मुखर हो उठे हैं। कहा कि आस्था से खिलवाड़ किया गया तो हम किसी भी स्तर तक जा सकते हैं।

बनी सूची, कभी भी हो सकती है संतों की गिरफ्तारी
फैजाबाद में प्रशासन ने विहिप व भाजपा नेताओं पर शिकंजा कस दिया है। जिले के कई विहिप व भाजपा पदाधिकारियों की सूची तैयार कर इनकी घेराबंदी की गई है। सूची में कई विहिप समर्थक संत व महंत भी शामिल हैं। देर रात या शनिवार की भोर से इनकी गिरफ्तारी भी की जा सकती है। शनिवार को अयोध्या व फैजाबाद शहर को सील करने की योजना है। जिलाधिकारी विपिन कुमार द्विवेदी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक केबी सिंह के नेतृत्व में सुरक्षाबलों ने रूट मार्च निकाला। गिरफ्तारी के लिए ए, बी व सी श्रेणी के 300 लोगों सूची प्रशासन ने तैयार की है। इनमें 72 लोग ए श्रेणी के हैं, जिनकी घेराबंदी या निगरानी की जा रही है। गिरफ्तार लोगों को अस्थाई जेलों में निरुद्ध रखा जाएगा।

शांति व्यवस्था में खलल बर्दाश्त नहीं होगा: सपा
जाब्यू, लखनऊ। सपा प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को बनाये रखने का संकल्प ले रखा है। इसमें खलल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उत्तार प्रदेश में अब विकास विरोधी, सांप्रदायिक तत्वों एवं भ्रष्टाचारियों के लिए जगह नहीं है। आरएसएस, भाजपा और विहिप जहां सांप्रदायिकता का उन्माद फैला रहे हैं, वहीं कांग्रेस अनर्गल और निराधार आरोपों के साथ बसपा-भाजपा के सुर में सुर मिला रही है।

टिप्पणियाँ

इन्हे भी पढे़....

हमारा देश “भारतवर्ष” : जम्बू दीपे भरत खण्डे

हमें वीर केशव मिले आप जबसे : संघ गीत

सेंगर राजपूतों का इतिहास एवं विकास

कांग्रेस की हिन्दू विरोधी मानसिकता का प्रमाण

खींची राजवंश : गागरोण दुर्ग

भाजपा का संकल्प- मोदी की गारंटी 2024

रामसेतु (Ram - setu) 17.5 लाख वर्ष पूर्व

अम्बे तू है जगदम्बे........!

नेशन फस्ट के भाव से सभी क्षेत्रों में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएं - देवनानी

Ram Navami , Hindus major festival