दिल्ली का 1 साल बर्बाद करने वाले को सजा दे जनता - नरेंद्र मोदी


PM मोदी के निशाने पर केजरीवाल, बोले-दिल्ली का 1 साल बर्बाद करने वाले को सजा दे जनता
By Ramanuj Singh | Saturday, January 10, 2015
जी मीडिया ब्यूरो/रामानुज सिंह

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आज (शनिवार) यानी 10 जनवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली को संबोधित किया। इस रैली में पार्टी शासित हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री समेत कई केंद्रीय मंत्री और नेता मौजूद थे। मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार का बिगुल फूंकते हुए आम आदमी पार्टी को सीधे निशाने पर लिया और यहां की जनता से अपील की कि जिन लोगों ने दिल्ली का एक साल बर्बाद और तबाह किया उन्हें ऐसी सज़ा दे कि वे फिर नहीं पनपने पाएं।

मोदी ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) की तरफ से रिटायरमेंट की उम्र 60 से घटा कर 58 साल करने जैसे कई झूठ फैलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, दिल्ली में झूठ की बड़ी फैक्ट्री पूरे जोर शोर से चल रही है। वे झूठ बोलने में माहिर हैं। लेकिन मोदी कोई पीठ में छुरा घोंपने वाला इंसान नहीं है। यह सरासर झूठ है। आगे भी ऐसे जाने कितने झूठ फैलाए जाएंगे, लेकिन आप उन पर भरोसा नहीं करना।

दिल्ली में पूर्ण बहुमत की सरकार चुनने का आहवान करते हुए उन्होंने कहा, एक साल बर्बाद हो गया दिल्ली का। जिसने दिल्ली का एक साल बर्बाद और तबाह किया उन्हें (चुनाव में) सज़ा दी जाए। जिन्होंने दिल्ली को स्थिर सरकार नहीं दी उन्हें पनपने नहीं दिया जाए। राष्ट्रीय राजधानी में 49 दिन की सरकार चलाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना उन पर जोरदार प्रहार करते हुए मोदी ने कहा, कभी ऐसा नेता देखा है जो खुद कहे कि ‘मैं अराजकतावादी हूं’। अगर वह अराजकता चाहते हैं तो जंगलों में जाकर नक्सलियों में शामिल हो जाएं। दिल्ली में नक्सलवाद नहीं चलने दिया जा सकता है।

Related Video

रामलीला मैदान में PM मोदी ने केजरीवाल पर साधा निशाना

भाजपा के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने का दिल्लीवासियों से आग्रह करते हुए उन्होंने कहा, भाजपा दिल्ली में ऐसी स्थिर और मजबूत सरकार देगी जो न सिर्फ खराब हुए एक साल की खाई भरेगी बल्कि 15 साल के (कांग्रेस शासन के) अधूरे सपनों को भी पूरी करेगी। आप नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, जिनको जो काम आता है उन्हें वह काम दीजिए। जिन्हें फुटपाथ पर बैठने, धरना देने की आदत और मास्टरी हो उन्हें वह मास्टरी करने दें और हमारी मास्टरी अच्छी सरकार बनाने की है, हमें वह करने दें।

लोकसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को सरकार बनने पर पूरा नहीं करने के कांग्रेस के आरोप पर भी पलटवार करते हुए मोदी ने कहा चालीस साल से वोट पाने के लिए झूठे नारे दिए जाते रहे। चालीस साल पहले कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन जितने तेज़ी से गरीबी हटाओ के नारे लगे, उतनी ही तेज़ी से गरीबी बढ़ी। ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित इस रैली में उन्होंने कहा कि इसी तरह 40 साल पहले ही  कांग्रेस की सल्तनत ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण यह कह कर किया कि बैंक अमीरों के कब्जे में हैं और उनसे गरीबों को कोई लाभ नही मिल रहा है। उन्होंने कहा, लेकिन दुख कि बैंकों को सरकारी कब्जे में लेने के बाद उन्हें भ्रष्टाचार का अड्डे बना दिया गया। गरीबों के लिए उनके दरवाजे नहीं खुले।

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने जनधन योजना के तहत बिना बैलेंस के गरीबों के खाते खुलवाने का कार्यक्रम शुरू किया। उन्होंने कहा कि पहले एक साल में एक करोड़ खाते खुलते थे लेकिन जनधन योजना के तहत एक सप्ताह में एक करोड़ खाते खुल गए। उन्होंने कहा, यही नहीं, इस योजना के तहत गरीबों का एक लाख रूपयों का मुफ्त बीमा भी कराया गया है जिससे किसी के यहां अनहोनी होने पर उसके परिवार को यह राशि मिल सके। उन्होंने कहा, वोट पाने के लिए झूठे नारे दिए जाते रहे, इसीलिए हम ऐसी राजनीति ला रहे हैं जो राज्यवाद, साम्प्रदायवाद से परे सिर्फ विकास की राजनीति पर आधारित होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा, 30-40 साल पहले दुनिया और हिन्दुस्तान में यह राजनीति चलती थी कि झूठे नारे दो और गरीबों को भड़काने के लिए दो-चार अमीरों को गाली देकर अपना उल्लू सीधा करते रहो। लेकिन अब वक्त बदल गया है। गरीब दो-चार अमीरों को गाली देने से उल्लू नहीं बनेगा बल्कि वह सवाल कर रहा है कि ‘मेरे लिए क्या किया, मेरा हिस्सा दो’।

भ्रष्टाचार उन्मूलन के वादे को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने का दावा करते हुए मोदी ने कहा, सात महीने हो गए मुझे प्रधानमंत्री बने हुए, क्या किसी ने कोई शिकायत की, क्या विपक्ष सहित किसी ने आरोप लगाया? मैंने भ्रष्टाचार का विरोध किया। मैं जहां बैठता हूं, वहां से शुरू किया। अब धीरे धीरे सड़कों गलियों तक यह जाएगा। आपको पैसे देने पड़ते हैं। आटो वाला भी ज्यादा पैसे लेता है।

उन्होंने कहा, मुझ पर भरोसा कीजिए ये सफाई भी (निचले स्तर पर भ्रष्टाचार समाप्त करना) मैं करके रहूंगा। मेरा यह सपना पूरा करने में मुझे आपकी मदद चाहिए। झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाली दिल्ली की विशाल जनसंख्या से मुखातिब होते हुए उन्होंने वायदा किया कि वर्ष 2022 तक सभी कच्ची बस्तियों को पक्के मकानों में बदल दिया जाएगा।

दिल्लीवासियों को चौबिसों घंटे बिजली मुहैया कराने वायदा करते हुए मोदी ने कहा कि इससे दिल्ली ‘जेनरेटर मुक्त’ हो जाएगी और उसका पर्यावरण स्वच्छ होगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार एक और क्रांतिकारी कदम उठाने जा रही है और वह है मोबाईल फोन सेवाओं की तरह ही जनता को अपनी पसंद के बिजली आपूर्तिकार्ताओं को चुनने की आजादी। उन्होंने कहा कि मोबाईल सेवाओं की ही तरह इस कदम से बिजली कंपनियों में भी प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और बिजली के दाम अपने आप घट जाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की इस योजना की शुरुआत दिल्ली से होगी।

दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में पेय जल की भारी किल्लत को दूर करने का भी वायदा करते हुए दिल्लीवासियों से उन्होंने कहा कि केन्द्र के हस्तक्षेप के बाद हरियाणा राष्ट्रीय राजधानी को अतिरिक्त जल उपलब्ध कराने पर राज़ी हो गया है।

लाइव अपडेट

*  भाजपा ही दिल्ली के सपनों को पूरा करेगी।
 *  दिल्ली में एक साल बर्बाद करने वालों को सजा दें। आप लोगों को लोहड़ी और मकर संक्रांति की बहुत-बहुत बधाई।
* आपने कभी ऐसा नेता देखा जिसने कहा, हां मैं अराजक हूं, दिल्ली में अराजकता नहीं फैलाई जा सकती है। अराजकता नेता के हाथ में दिल्ली की सत्ता नहीं सौंपें।

* दिल्ली में पू्र्ण बहुमत वाली सरकार चुनिए।
* बिना नाम लिए केजरीवाल पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, झूठ बोलने पर भरोसा नहीं करें, सरकार के खिलाफ झूठ फैलाया जा रहा है रियारमेंट की उम्र 60 से घटा कर 58 कर दिया जाएगा।
* आप चाहते हैं तो दिल्ली में हर गरीब को घर तो आप मुझे दिल्ली में साथ दीजिए। भाजपा की सरकार बनाइए। 2022 तक दिल्ली में झुग्गी खत्म कर देंगे।
* मुझपर भरोसा कीजिए, नीचे तक भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाउंगा। भ्रष्टाचार से मुक्ति का अभियान शुरू किया।

* जिस तरह से मोबाइल नंबर की पोर्टबलिटी होती है, उसी तरह से दिल्ली में बिजली की पोर्टबलिटी लाएंगे। दिल्लीवाले मनचाही कंपनी का कनेक्शन ले सकेंगे।

* हम दिल्ली को जनरेटर से मुक्ति दिलाएंगे। 24 घंटे बिजली देंगे। बिजली आएगी तब तो बिजली बिल आएगी।
* जनधन योजना से बैंक में अब तक 8500 करोड़ रुपए जमा हुए। दिल्ली में 19.5 लाख खाते खुले, इस योजना के तहत प्रत्येक खाताधारक को एक लाख का बीमा दिया है। इसका प्रीमियम सरकार देती है।

* गरीबी हटाने के नारे गरीबी बढ़ी। हमने जनधन योजना लाई, गरीबों बैंक अकाउंट खुला। जो एक करोड़ खाते खुलने में एक साल लग जाता था। इस योजना से एक सप्ताह में एक करोड़ खाते खुल गए। 26 जनवरी तक 7 करोड़ अकाउंट का लक्ष्य था, 11 जनवरी तक 11 करोड़ लोगों ने खाते खोले।
* जातिवाद, संप्रदायावाद से अलग विकास की राजनीति है। हम विकासवाद की राजनीति करने आए हैं।
* वेंकैया नायडू ने 17 महत्वपूर्ण योजनाओं पर फैसला लिया, उन्होंने दिल्ली में पानी समस्या खत्म की। उन्होंने जो समस्याएं बताई, वो हैरान करने वाली हैं।

* जम्मू-कश्मीर के लोगों ने लोकतंत्र में भरोसा जताया, भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली, अब बदवाल का रथ दिल्ली पहुंचा।
* झारखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार बनने के लिए वहां को लोगों को धन्यवाद देता हूं।
* पीएम मोदी ने अमित शाह को भाजपा का सबसे सफल अध्यक्ष बताया।
* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में लोगों को संबोधित कर रहे हैं।

* भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 2014 का साल भाजपा के लिए विजय वर्ष रहा। 2014 में देश की जनता ने मोदी को पीएम चुना, मोदी के पीएम बनने से देश में आशा का संचार हुआ, उम्मीद जागी। महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड में भाजपा की सरकार बनी, जम्मू-कश्मीर में भाजपा को सबसे ज्यादा वोट मिले। भाजपा अपने वादों पर कायम रहती है। सरकार बनने के बाद हमने मुद्दों पर काम किया। भाजपा ने देश को महंगाई से मुक्ति दिलाई। कांग्रेस 10 साल में भी महंगाई कम नहीं कर सकी। भाजपा ने 7 महीने में महंगाई कम कर दी। मेक इन इंडिया सिर्फ नारा नहीं, यह उत्पादन बढ़ाता है। मेक इन इंडिया योजना को कामयाबी होगी। स्किल डवलपमेंट से बेरोजगारी दूर होगी, इसके लिए अलग मंत्रायल बनाया। कालेधन पर भाजपा के वादे को मोदी सरकार ने पूरा किया। मोदी कैबिनेट की पहली बैठक पर एसआईटी पर मुहर लगी। कालेधन पर दुनिया में आम सहमति बनाई। आदर्श ग्राम योजना से गांव का विकास होगा। सांसद-विधायक गांव को गोद लेकर विकास कर रहे हैं। मोदी जी ने भारतीय सेना को मजबूत बनाया। विपक्ष राज्यसभा में देश के विकास के लिए बनाए गए विधेयक पास होने नहीं देता है। इसलिए मोदी सरकार ने विकास के लिए अध्यादेश लाया। पाकिस्तान की गोली का जवाब का भारत गोले से देता है। दिल्ली में भाजपा ने अवैध कॉलोनियों को नियमित करने का काम किया। उन्होंने कहा, क्या आज भी आम आदमी पार्टी के नेता मेट्रो में घूमते हैं। आम आदमी पार्टी ने विकास का काम कुछ भी नहीं किया, हां झूठ बोलने का रिकॉर्ड जरूर बनाया। दिल्ली को गौरव दिलाने के लिए और दिल्ली के विकास के लिए भाजपा की सरकार बनाएं।

* हरियाणा के बिना दिल्ली का विकास संभव नहीं- मनोहर लाल खट्टर
* दिल्ली के लोग विकास के लिए भाजपा के जिताएं- रघुवर दास
* मोदी जी ने विकास की राजनीति शुरू की- देवेंद्र फड़णवीस

* वेंकैया नायडु ने कहा दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाएं, दिल्ली में 600 कॉलोनियों को नियमित करेंगे, 5 साल में सभी झुग्गीवाले को मकान देंगे, दिल्ली में माफिया राज खत्म करेंगे, दिल्ली में सभी राज्यों के लोग रहते हैं, दिल्ली देश का मिनी इंडिया है। कांग्रेस के साथ सरकार छोड़कर भागे केजरीवाल।

* केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, वैंकैया नायडू, जितेंद्र सिंह, पीयूष गोयल मंच पर मौजूद हैं।

* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा की रैली को संबोधित करने रामलीला मैदान पहुंचे।

* भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, दिल्ली में बड़े नेता और कई केंद्रीय मंत्री रैली स्थल पहुंच चुके हैं।

* इस रैली में शिरकत करने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस रामलीला मैदान में मंच पर पहुंच चुके हैं।


टिप्पणियाँ

इन्हे भी पढे़....

हमारा देश “भारतवर्ष” : जम्बू दीपे भरत खण्डे

हमें वीर केशव मिले आप जबसे : संघ गीत

सेंगर राजपूतों का इतिहास एवं विकास

कांग्रेस की हिन्दू विरोधी मानसिकता का प्रमाण

खींची राजवंश : गागरोण दुर्ग

भाजपा का संकल्प- मोदी की गारंटी 2024

रामसेतु (Ram - setu) 17.5 लाख वर्ष पूर्व

अम्बे तू है जगदम्बे........!

नेशन फस्ट के भाव से सभी क्षेत्रों में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएं - देवनानी

Ram Navami , Hindus major festival