सोनिया - सत्ता का सुपर सुख भोगा - तवलीन सिंह
पीएम पद ठुकराया पर सत्ता का सुख भोगा. तवलीन सिंह ने सोनिया की किताब के खोले कई पन्ने,🤔🤔
गजब की कहानी है उनके जीवन की।
मामूली चीज नहीं है कि इटली के एक छोटे से शहर की एक लड़की किसी दूसरे देश में जाकर उस देश में इतनी बड़ी राजनेत्री बन जाए कि उसके हवाले किए जाएं उस देश के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व और बाद में भारत की बागडोर। सोनिया गांधी बेशक खुद प्रधानमंत्री न बनी हों, लेकिन मुश्किल है भूलना कि इस देश के दो प्रधानमंत्री बने थे उनकी मर्जी से।
जनता की मर्जी से नहीं। वे चाहतीं तो राजीव की हत्या के बाद ही बन सकती थीं कांग्रेस की अध्यक्ष। चाहतीं तो नरसिम्हा राव को प्रधानमंत्री नियुक्त करने के बदले खुद बन जातीं प्रधानमंत्री। जब दूसरा मौका मिला प्रधानमंत्री बनने का, कांग्रेस पार्टी को अपने नेतृत्व में पहला आम चुनाव जिताने के बाद, तब भी उन्होंने यह पद ठुकराया था और मनमोहन सिंह को पद पर नियुक्त किया।
यहां तक उनका राजनीतिक सफर बेदाग था और इसकी खूब शाबाशी भी मिली कई लोगों से। एक वक्त था जब 'टाइम' पत्रिका ने उनको दुनिया की सौ सबसे ताकतवर महिलाओं की फेहरिस्त में जगह दी थी। समस्या यह है कि सोनिया की राजनीतिक यात्रा यहां तक सीमित नहीं रही।
उन्होंने प्रधानमंत्री का पद जरूर ठुकराया, लेकिन सत्ता में होने की जो सुविधाएं हैं, उनको ठुकराने के बदले उनका लाभ उठाया, इसलिए प्रियंका गांधी को सरकारी कोठी मिली दिल्ली में, जबकि उनको इसका हक नहीं था। बहाना दिया गया 'सुरक्षा' का। उनके पति राबर्ट वाड्रा को इजाजत मिली हवाई अड्डों पर वीआइपी की सूची में होने की। यह सुविधा मिलती है राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के अलावा मंत्रियों और आला अधिकारियों को। वाड्रा कैसे इस सूची में शामिल किए गए?
इसके अलावा, कहा जाता है कि सोनिया ने पर्दे के पीछे से सरकारी फैसले लिए। उन्होंने मनमोहन सिंह के दौर में अपना राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (एनएसी) बनाया, जो मंत्रिमंडल से ज्यादा ताकतवर रहा। एनएसी ने फैसला लिया था मनरेगा का और इसी ने फैसला लिया था खाद्य अधिनियम का, जिसके तहत आज भी करीब 80 करोड़ लोगों को मिलता है मुफ्त राशन। अलग बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन दोनों योजनाओं को आज भी कायम रखा है इनके नाम बदल कर।
सोनिया गांधी की किताब 'बिलांगिंग ए जर्नी आफ लव' पिछले सप्ताह बाजार में आई और पहले दिन से ही खूब बिकी। मैंने खरीदने के बाद उसको पढ़ना शुरू किया और सच पूछिए कि इतनी जल्दी इसको पढ़ा कि जैसे कोई अति रोमांचक किताब हो। है भी रोमांचक उनकी आत्मकथा, इसलिए कि अपने निजी जीवन के बारे में सोनिया गांधी ने न किसी साक्षात्कार में जिक्र किया है कभी पहले, न अपने दोस्तों, करीबियों के साथ। शायद ही कोई जानता था कि राहुल से पहले उनका एक बेटा पैदा हुआ था, जो एक ही दिन रहा इस दुनिया में। शायद ही कोई जानता था कि प्रधानमंत्री की बहू बनने के बाद सोनिया का जीवन कैसा रहा! कैसे उन्होंने आदत डाली देसी खाने की, कैसे उन्होंने भारतीय सभ्यता को समझने की कोशिश की और जब उनकी सास और पति की हत्या की गई थीं, उन पर क्या बीती थी।
मेरे लिए इस किताब से शिकायत अगर है, तो यह कि जब राजनीतिक घटनाओं और तब्दीलियों का जिक्र करती हैं सोनिया, तो यथार्थ कुछ ज्यादा ही गलत तरह से पेश करके। इंदिरा गांधी के दौर की प्रशंसा खूब करती हैं, लेकिन यह नहीं बताती कि 'गरीबी हटाओ' का नारा कभी धरातल पर कामयाब क्यों नहीं हुआ। नेहरू जी की भी प्रशंसा करती हैं, लेकिन बिना यह समझाए कि ऐसा क्यों था कि जितने गरीब लोग भारत में थे उनके दौर की शुरुआत में, उतने ही गरीब लोग थे, जब उनका देहांत हुआ।
रही बात उनके पति के दौर की, तो इस दौर को मैंने खुद देखा था। इस दौर के बारे में जब उनकी आत्मकथा में पढ़ा, तो ऐसा लगा जैसे सोनिया या तो सोच समझ कर लीपापोती कर रही हैं या उनको इस दौर के बारे में कुछ मालूम ही नहीं। इसलिए इंदिरा की हत्या के बाद जो सिखों का कत्लेआम हुआ, उसका दोष अपने पति पर डालने के बदले उनके बारे में लिखती हैं कि उन्होंने पूरी कोशिश की उस हिंसा को रोकने की। जिक्र तक नहीं करतीं राजीव के उस भाषण की, जिसमें उन्होंने कहा था 'बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है'।
कश्मीर का जिक्र करती हैं, लेकिन इसको भूल कर कि राजीव ने अगर फारूक अब्दुल्ला पर दबाव नहीं डाला होता 1987 के चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने का, तो शायद कश्मीर के युवा सरहद पार न जाते आतंकवादी बनने। इनमें से कई युवाओं ने उस चुनाव में हिस्सा लिया था, लेकिन जब धांधली के कारण हारे. तो लोकतंत्र से उनका विश्वास टूट गया था। ऐसे कई उदाहरण और हैं इस किताब में, जिनकी सच्चाई तोड़मरोड़ कर पेश किया गया है।
आखिर में यह भी कहना चाहूंगी कि किताब के कई हिस्से हैं जिनको पढ़कर मुझे कई ऐसी चीजों के बारे में जानकारी मिली, जिनके बारे में मुझे कुछ भी मालूम नहीं था। सबसे दिलचस्प वह हैं जो प्रधानमंत्री के घर की चारदीवारियों में छिपी रही थीं अभी तक। इनको पढ़कर इतिहासकारों को वह सारी अंदरूनी बातें, सारा मसाला मिलेगा, जिसके बिना इतिहास की किताबों के पन्ने सूखे और बेमजा रह जाते हैं। किताब ख़ूब बिकनेवाली है इसमें कोई शक नहीं है।
दिल्ली में पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नया नारा देकर एक नया सपना बेचा। भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने 'करके दिखाएंगे' कहा। बहुत बार इसे अंग्रेजी में भी दोहराया 'वी विल डू इट'। जोशीले अंदाज में इतनी बार इस नारे को दोहराए प्रधानमंत्री कि मुझे ऐसा लगने लगा कि वह अपने आप को ही तसल्ली दे रहे हैं कि उनका सपना पूरा हो जाएगा कभी न कभी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें