हिन्दूकुश पर्वतमाला की सचाई



हिन्दूकुश पर्वतमाला की सचाई जानिए

पुनः संशोधित: गुरुवार, 27 नवंबर 2014
http://hindi.webdunia.com
हिन्दूकुश उत्तरी पाकिस्तान से मध्य अफगानिस्तान तक विस्तृत एक 800 किमी लंबी वाली पर्वत श्रृंखला है। यह पर्वतमाला हिमालय क्षेत्र के अंतर्गत आती है। दरअसल, हिन्दूकुश पर्वतमाला पामीर पर्वतों से जाकर जुड़ते हैं और हिमालय की एक उपशाखा माने जाते हैं। पामीर का पठार, तिब्बत का पठार और भारत में मालवा का पठार धरती पर रहने लायक सबसे ऊंचे पठार माने जाते हैं। प्रारंभिक मनुष्य इसी पठार पर रहते थे।
हिन्दूकुश पर्वतमाला के बीचोबीच सबसे ऊंचा पहाड़ पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा प्रां‍त के चित्राल जिले में स्थित है जिसे वर्तमान में तिरिच मीर पर्वत कहते हैं। हिन्दूकुश का दूसरा सबसे ऊंचा पहाड़ नोशक पर्वत और तीसरा इस्तोर-ओ-नल है।

उत्तरी पाकिस्तान में हिन्दूकुश पर्वतमाला और काराकोरम पर्वतमाला के बीच स्थित एक हिन्दू राज पर्वत श्रृंखला है। इस पर्वत श्रृंखला में कई ऋषि-मुनियों के आश्रम बने हुए थे, जहां भारत और हिन्दूकुश के उस पार से आने वाले जिज्ञासुओं, छात्रों आदि के लिए शिक्षा, दीक्षा और ध्यान की व्यवस्था थी। आज इस हिन्दू राज पर्वतमाला के प्रमुख पहाड़ों के नाम बदल दिए गए हैं, जैसे एक कोयो जुम नामक बहुत लंबा पहाड़ है। दूसरा बूनी जुम और तीसरा गमुबार जुम हैं। उल्लेखनीय है कि काराकोरम एक विशाल पर्वत श्रृंखला है जिसका विस्तार पाकिस्तान, भारत और चीन के क्रमश: गिलगित-बाल्तिस्तान, लद्दाख और शिन्जियांग क्षेत्रों तक है। काराकोरम, पूर्वोत्तर में तिब्बती पठार के किनारे और उत्तर में पामीर पर्वतों से घिरा है।

हिन्दूकुश पर्वतमाला में ऐसे बहुत से दर्रे हैं जिसके उस पार कजाकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, उज्बेकिस्तान, चीन, रशिया, मंगोलिया, रशिया आदि जगह जा सकते हैं। यह हिमालय के उस पार से भारत में आने का आसान रास्ता है, जबकि तिब्बत के रास्ते सिक्किम होते हुए भारत आना थोड़ा कठिन है।

प्राचीन लोगों ने अपने कुछ प्रमुख मार्ग निर्मित किए थे जिसमें से एक है सिल्क रूट। सिल्क रूट के एक छोर से दूसरे छोर पर जाने वालों के लिए हिन्दूकुश पर्वतमाला के विशेष क्षेत्रों में बने ऋषि- मुनियों के आश्रम जहां लोगों के लिए विश्राम स्थल थे वहीं यह दुनियाभर की जानकारी प्राप्त करने का क्षेत्र भी था। रोम के वेनिस, इसराइल के येरुशलम से तुर्की के इस्तांबुल तक और वहां से लेकर चीन के च्वानजो शहर तक यह रूट था। बीच में भारतीय क्षेत्र के शहर काबुल, पेशावर, श्रीनगर व्यापार के प्रमुख केंद्रों में से एक था। काबुल का पहले नाम कुम्भा था, जो वहां की एक नदी के नाम पर रखा गया था। यह क्षेत्र भारत के 16 जनपदों में से एक कंबोज के अंतर्गत आता था। पारास्य देश के तेहरान से एक रास्ता भारत की ओर तथा दूसरा रास्ता कैस्पियन सागर और तुर्कमेनिस्तान की ओर जाता है। पहले अफगानिस्तान भारत का ही हिस्सा हुआ करता था।

रोम से जियान तक : यह रोड तकरीबन 2000 साल पहले एशिया और यूरोप के बीच बिजनेस और कल्‍चरल एक्‍सचेंज का माध्‍यम था। यह मार्ग चीन के जियान शहर को रोम से जोड़ता था। दरअसल पुराने समय में चीन, भारत और पश्चिमी देशों के बीच रेशम का व्यापार हुआ करता था। जियान से रोम या रोम से जियान लोग दो रास्तों से जाते थे। इसमें एक रास्ता तो हिन्दूकुश के दर्रों से सीधे चीन जाने वाला रास्ता था तो दूसरा रास्ता भारत में होकर सिक्किम के नाथुला दर्रे से होकर चीन जाता था। हिन्दूकुश पर्वतमाला से लेकर नाथुला दर्रे तक बहुत सारे मठ मिल जाएंगे। तिब्बत और अफगानिस्तान उस दौर में धर्म का गढ़ बन गया था। हिन्दूकुश में दर्रों की भरमार है। यहां पहाड़ियों के बीच से कई सुगम और दुर्गम रास्ते हैं। इसलिए यह क्षे‍त्र पश्‍चिमी लोगों के लिए द्वार बन गया। हिन्दूकुश पर्वत 800 से ज्यादा किलोमीटर तक तो लंबाई में फैला है और 200 किलोमीटर से भी अधिक इसकी चौड़ाई है।

और भी कई उप मार्ग थे : उस समय रेशम मार्ग वर्तमान के अफगानिस्तान, उज्बेकिस्तान, ईरान और मिस्र के अलेक्जेंडर नगर तक पहुंचता था और इसका एक दूसरा रास्ता पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान के काबुल से होकर फारस की खाड़ी तक पहुंचता था, जो दक्षिण की दिशा में वर्तमान में कराची तक पहुंच जाता था और फिर समुद्री मार्ग से फारस की खाड़ी और रोम तक पहुंच जाता था।

लानझोउ यूनिवर्सिटी ऑफ फिनांस एंड इकोनॉमिक्स में शोधकर्ता गाओ कियान के अनुसार प्राचीन व्यापार मार्ग पर काबुल के बाद दुनहुआंग व्यवसाय का केंद्र था। प्राचीन रेशम मार्ग पर साहसिक यात्रा पर निकले लोग फारस की रोटी, भारत की मिठाइयां और अरब की नान खाते थे। इसके अलावा डोनर कबाब भी प्रसिद्ध था।

पुरातत्वीय खोज से पता चला है कि रेशम मार्ग ईसा पूर्व पहली शताब्दी के चीन के हान राजवंश के समय शुरू हुआ था। चीन ने इस मार्ग के माध्यम से पूरे विश्‍व में रेशम का व्यापार किया था। इस मार्ग से व्यापारियों के साथ ही फौजें भी गुजरने लगीं, फिर धार्मिक समूह भी। और इस तरह इस व्यापारिक मार्ग की गतिविधि के कारण ही मार्ग में पड़ने वाले सभी प्रमुख नगरों और राज्यों के सामाजिक जीवन में भी कई परिवर्तन आए। खैर, अब बात करते हैं हिन्दूकुश पर्वतमाला की।


हिन्दूकुश पर्वतमाला की सचाई जानिए
पुनः संशोधित: गुरुवार, 27 नवंबर 2014
पारियात्र पर्वत : हिन्दूकुश पर्वत का पहले नाम पारियात्र पर्वत था। कुछ विद्वान इसे परिजात पर्वत भी कहते हैं। इसका दूसरा नाम हिन्दू केश भी था। केश का अर्थ अंतिम सिरा।

हिन्दू केश : इसे हिन्दू केश इसलिए कहते थे कि यहां भारत की सीमा का अंत होता है। केश का अर्थ होता है अंत। जैसे हमारे शरीर में केश (बाल) अंतिम सिरे के समान होते हैं। यहां तक भारत में रहने वाले हिन्दुओं का क्षेत्र था अर्थात हिन्दुओं के क्षेत्र की सीमा का अग्रभाग।

राम के कुश : यहां भगवान राम के एक बड़े बेटे कुश ने तपस्या ‍की थी। तपस्या के बाद उन्होंने यहां पर अमृत दीक्षा ग्रहण की थी। कुश यहां के आसपास के संपूर्ण क्षेत्र पर अपना अधिकार रखते थे। इस पर्वतमाला के आसपास रहने वाली कई जातियों के नाम कुश के ऊपर ही हैं।

लव और कुश राम तथा सीता के जुड़वां पुत्र थे। उनका जन्म माता सीता के अयोध्या से निर्वासन के पश्चात वाल्मीकि आश्रम में हुआ था और यहीं पर दोनों बालकों का लालन-पालन हुआ। अत: दक्षिण कोसल प्रदेश में कुश और उत्तर कोसल में लव का अभिषेक किया गया था।
पश्चिमोत्तर भारत में विदेशियों का आक्रमण मौर्योत्तर काल में सर्वाधिक हुआ। सबसे पहले इस क्षेत्र पर यूनानियों ने आक्रमण किया। फिर सिकंदर ने जब इसे अपने कब्जे में ले लिया तो इसका नाम यूनानी भाषा में 'कौकासोश इन्दिकौश' यानी 'भारतीय पर्वत' बुलाया जाने लगा। बाद में इनका नाम 'हिन्दूकुश', 'हिन्दू कुह' और 'कुह-ए-हिन्दू' पड़ा। 'कुह' या 'कोह' का मतलब फारसी में 'पहाड़' होता है।

विदेशी आक्रमणकारियों की इस शृंखला में सबसे पहले 'बैक्ट्रिन ग्रीक' शासकों का नाम आता है। प्राचीन भारतीय ग्रंथों में इन्हें 'यवन' के नाम से जाना जाता है। इतिहास के इस काल की जानकारी बौद्ध ग्रंथों में मिलेगी। हिन्दुकुश पर्वत एवं 'ऑक्सस' के मध्य में स्थित 'बैक्ट्रिया' अत्यन्त ही उपजाऊ प्रदेश था। इसके उपजाऊपन के कारण ही 'स्ट्रैबो' ने इसे 'अरियाना गौरव' कहा। बैक्ट्रिया में यूनानी बस्तियों का प्रारम्भ 'एकेमेनिड काल' (लगभग 5 वीं शताब्दी ई.पू.) में हुआ।

सिकन्दर की मृत्यु के पश्चात् बैक्ट्रिया पर सेल्युकस का अधिपत्य रहा। सेल्यूकस वंश के 'आन्तियोकस तृतीय' ने 'यूथीडेमस' को बैक्ट्रिया का राजा मान लिया और 206 ईपू में भारत के विरूद्ध एक अभियान का नेतृत्व किया। यह अभियान हिन्दुकुश पर्वत को पार कर काबुल घाटी के एक शासक सुभगसेन के खिलाफ किया गया था। सुभगसेन को पॉलिबियस ने 'भारतीयों का राजा' कहा। सम्भवतः सुभगसेन द्वारा सांकेतिक समर्पण के बाद एण्ट्योकस ढेर सारे हाथी एवं हरजाने की बड़ी धनराशि लेकर वापिस चला गया।

इसके बाद डेमेट्रियस और मीनेंडर (मिलिंद) नामक यवन शासकों ने इस पर्वत माला से आकर हमले किए। इस के बाद पार्थियन (पहलव), शक (सीथियन), कुषाण और हूण ने अफगानिस्तान (आर्यना) पर हमले किए। फिर अरब और तुर्की के खलिफाओं ने हमले किए। सिकन्दर के बाद डेमेट्रियस पहला यूनानी शासक था, जिसकी सेना भारतीय सीमा में प्रवेश कर सकी थी। उसने एक बड़ी सेना के साथ लगभग 183 ई.पू. में हिन्दुकुश पर्वत को पार कर सिंध और पंजाब पर अधिकार कर लिया। तब योग के महान ऋषि पातांजली काबुल क्षेत्र में रहते थे। वे वही के निवासी थे। उन्होंने अपनी पुस्तक  महाभाष्यण 'गार्गी संहिता' एवं मालविकाग्निमित्रम् में इसका जिक्र किया है।
हिन्दू क्षेत्र पर्वत : इसे हिन्दू क्षे‍त्र नहीं कहते थे। यहां से गुजरने वाले लोग इसे हिन्दू क्षेत्र कहते थे इसलिए इस पर्वतमाला का नाम हिन्दू क्षेत्र पड़ गया। काराकोरम और हिन्दूकुश के बीच हिन्दू राज पर्वतमाला है, जहां हिन्दू ऋषियों के आश्रम और राजाओं के सैन्य शिविर थे। यहां गुरु लोग बाहर से आने वाले लोगों को ज्ञान देते थे। ईसा से 700 वर्ष पूर्व ही अफगानिस्तान (आर्याना) क्षेत्र में राजनीतिक, व्यापारिक और धार्मिक गतिविधियां तेजी से बढ़ने लगी थीं। बौद्धकाल में यहां का बामियान नगर बौद्ध धर्म की राजधानी था।

बहुत से तुर्की, चीनी और अरब के लोग जो यहां आते-जाते थे वे क्षेत्र शब्द नहीं बोल पाते थे। क्षेत्र को छेत्र कहते थे। क+श+त्र उक्त तीन शब्द से मिलकर बना क्षे‍त्र इसलिए कुछ लोग हिन्दू कशेत्र भी कहते थे। इस तरह यह क्षे‍त्र शब्द बोलने वाले लोगों के कारण बिगड़ता गया। क्ष और त्र बोलना आम लोगों के लिए थोड़ा कठिन था इसलिए इसमें से त्र भी हटा दिया गया और रह गया हिन्दू केश।
मध्य काल :... सन् 1333 ईस्वीं में इब्नबतूता के अनुसार हिन्दुकुश का मतलब 'मारने वाला' था। इसका मतलब था कि यहां से गुजरने वाले लोगों में से अधिकतर ठंड और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण मर जाते थे। लेकिन इब्नबतूता की इस बात का कुछ लोगों ने गलत अर्थ भी निकाला? उनके अनुसार उत्तरी भारतीय उपमहाद्वीप पर अरबों-तुर्कों के कब्जे के बाद हिन्दूओं को गुलाम बनाकर इन पर्वतों से ले जाया जाता था और उनमें से बहुत से हिन्दू यहां बर्फ में मर जाया करते थे। इस तरह की बातें करने वालों ने खुदकुशी से इस शब्द का अर्थ लिया। यहां हिन्दू खुदकुशी कर लेते थे इसलिए पहले हिन्दूकुशी और फिर हिन्दूकुश हो गया।

कहते हैं कि मुगलकाल में अफगानिस्तान को हिन्दूविहीन बनाने के लिए जो कत्लेआम का दौर चला उस दौर में आक्रांताओं ने इस पर्वतमाला को हिन्दुओं की कत्लगाह बना दिया था। यहां भारत के अन्य हिस्सों से लाखों की तादाद में गुलामों को लाकर छोड़ दिया जाता था या उन्हें अरब की गुलाम मंडियों में बेच दिया जाता था।

माना जाता है कि अरब, बगदाद, समरकंद आदि स्थानों में काफिरों की मंडियां लगा करती थीं, जो हिन्दुओं से भरी रहती थीं और वहां स्त्री-पुरुषों को बेचा जाता था। उनसे सभी तरह के अमानवीय काम करवाए जाते थे। उनके जीवन का कोई अस्तित्व नहीं होता था। यातनाओं से केवल वही थोड़ा बच सकते थे, जो इस्लाम में परिवर्तित हो जाते थे। फिर उनको भी शेष हिन्दुओं पर मुस्लिम तरीके के अत्याचार करने का अधिकार प्राप्त हो जाता था। लेकिन इस बात में कितनी सचाई है यह कोई नहीं जानता।

माना जाता है कि तैमूरलंग जब एक लाख गुलामों को भारत से समरकंद ले जा रहा था तो एक ही रात में अधिकतर लोग ‘हिन्दू-कोह’ पर्वत की बर्फीली चोटियों पर सर्दी से मर गए थे। इस घटना के बाद उस पर्वत का नाम ‘हिन्दूकुश’ (हिन्दुओं को मारने वाला) पड़ गया था। लेकिन हिन्दूकुश नाम तो सिकंदर के पहले से ही प्रसिद्ध है? फिर हिन्दुओं के मरने से यह नाम कैसे पड़ा, यह समझ से परे है।

टिप्पणियाँ

इन्हे भी पढे़....

विश्व व्यापी है हिन्दुओँ का वैदिक कालीन होली पर्व Holi festival of Vedic period is world wide

सेंगर राजपूतों का इतिहास एवं विकास

हमारा देश “भारतवर्ष” : जम्बू दीपे भरत खण्डे

तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहे।

हमें वीर केशव मिले आप जबसे : संघ गीत

भाजपा की सुपरफ़ास्ट भजनलाल शर्मा सरकार नें ऐतिहासिक उपलब्धियां का इतिहास रचा

कांग्रेस की हिन्दू विरोधी मानसिकता का प्रमाण

रामसेतु (Ram - setu) 17.5 लाख वर्ष पूर्व

दीवान टोडरमल के समर्पण शौर्य पर हिन्दुत्व का सीना गर्व से चौंडा हो जाता है - अरविन्द सिसौदिया Diwan-Todar-Mal

भारत को आतंकवाद के प्रति सावचेत रहना ही होगा - अरविन्द सिसोदिया