मतदाता का मिजाज हर चुनाव में बदलता है



प्रेस विज्ञप्ति

कांग्रेस ज्यादा न इतराए, इतनी बदतमीजी ठीक नहीं, अलग-अलग चुनावों में जनता की अलग-अलग पसंद होती है – अरविन्द सिसोदिया

कोटा, 27 नवंबर। राजस्थान राज्य पाठ्यपुस्तक मंडल के शिक्षा प्रोत्साहन प्रन्यासी एवं वरिष्ठ बुद्धिजीवी अरविन्द सिसोदिया ने कहा कि " पंचायतीराज चुनावों में मिली सफलता से कांग्रेस को इतना इतराने और राजनीतिक मर्यादा भूलकर बदतमीजी पर उतरने की जरूरत नहीं है। इससे ठीक पहले निकाय चुनाव में भाजपा जीती थी। " उन्होंने कहा कि " मतदाता हर चुनाव में अपनी स्वतंत्र सोच, मुद्दों, नेतृत्व और परिस्थितियों के आधार पर अलग-अलग निर्णय करता है। पंचायत चुनावों की जीत को विधानसभा और लोकसभा चुनावों का जनादेश बताना कांग्रेस की राजनीतिक अपरिपक्वता है। राजस्थान का चुनावी इतिहास कांग्रेस को अहंकार नहीं, आत्ममंथन का संदेश देता है।

सिसोदिया ने कहा कि " कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि दिसंबर 2018 में राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनी थी, लेकिन महज पांच महीने बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की सभी 25 सीटें जीतकर कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया था। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार होने के बावजूद राजस्थान के मतदाताओं ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को एकतरफा समर्थन दिया। यह स्पष्ट प्रमाण है कि मतदाता हर चुनाव में अपना अलग निर्णय करता है।" 

उन्होंने कहा कि " पंचायत चुनाव स्थानीय मुद्दों, उम्मीदवारों के व्यक्तिगत व्यवहार, गांव के समीकरण, जातीय परिस्थितियों और स्थानीय पसंद-नापसंद के आधार पर होते हैं। इन्हें प्रदेश की जनता का भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश बताना हास्यास्पद है। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में नेतृत्व, सरकार का कामकाज, नीतियां, विकास, कानून-व्यवस्था, राष्ट्रीय मुद्दे और व्यापक राजनीतिक दृष्टिकोण निर्णायक होते हैं। हर चुनाव की प्रकृति और मतदाता की प्राथमिकताएं अलग होती हैं।"

मुख्यमंत्री रहते अशोक गहलोत अपने बेटे को भी चुनाव नहीं जिता पाए

सिसोदिया ने कहा कि " कांग्रेस को 2019 का जोधपुर लोकसभा चुनाव भी याद करना चाहिए, जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने बेटे वैभव गहलोत को जिताने के लिए पूरी राजनीतिक ताकत लगा दी थी, लेकिन भाजपा के गजेंद्र सिंह शेखावत ने उन्हें 2,74,440 मतों से पराजित कर दिया। मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में, मुख्यमंत्री की सरकार और पूरी ताकत के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी हार गया तथा जोधपुर की सभी आठ विधानसभा सीटों पर भाजपा ने बढ़त बनाई। यह कांग्रेस के लिए तब भी सबक था और आज भी है कि मतदाता स्थानीय, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अलग-अलग निर्णय लेता है।

उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के कार्यकाल में पंचायत चुनावों में कांग्रेस को बढ़त मिली थी, लेकिन वही कांग्रेस 2023 में विधानसभा चुनाव हारकर सत्ता से बाहर हो गई। वर्ष 2021 के पंचायतीराज चुनावों में कांग्रेस की सफलता विधानसभा चुनावों की जीत की गारंटी नहीं बन सकी। जनता ने नवंबर 2023 में भाजपा को बहुमत सौंपकर कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया। चुनावी जीत को स्थायी जनसमर्थन मान लेना कांग्रेस की पुरानी भूल है।

पंचायत चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित, पूरा राजस्थान नहीं

सिसोदिया ने कहा कि पंचायतीराज चुनाव मुख्यतः ग्रामीण क्षेत्रों के स्थानीय समीकरणों पर आधारित होते हैं। गांवों में उम्मीदवार का व्यवहार, व्यक्तिगत संबंध, जातीय समीकरण, स्थानीय विकास कार्य और छोटी-बड़ी समस्याएं मतदाता के निर्णय को प्रभावित करती हैं। जबकि विधानसभा चुनाव में शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापक मतदाता, प्रदेशव्यापी नेतृत्व, सरकार की नीतियों, विकास और जनहित के मुद्दों पर निर्णय लेते हैं। ऐसे में पंचायतों की जीत को पूरे प्रदेश का राजनीतिक रुझान बताना तथ्यहीन है।

दिल्ली, महाराष्ट्र और हरियाणा के परिणाम कांग्रेस के लिए आईना

सिसोदिया ने कहा कि " चुनावी परिणामों में मतदाता का बदलता मिजाज केवल राजस्थान तक सीमित नहीं है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत हासिल किया, लेकिन लोकसभा चुनावों में भाजपा ने दिल्ली की सभी सात सीटें जीतीं। दिल्ली के मतदाता ने निकाय चुनावों में भाजपा, विधानसभा में आप और लोकसभा में फिर भाजपा को चुना। यह साबित करता है कि मतदाता किसी दल का स्थायी बंधुआ नहीं है और हर चुनाव में अपनी कसौटी बदलता है।"

उन्होंने कहा कि " महाराष्ट्र और हरियाणा के 2024 के परिणाम भी कांग्रेस को अति-उत्साह से बचने की सीख देते हैं। महाराष्ट्र में लोकसभा चुनावों में कांग्रेस और उसके सहयोगियों को बड़ी सफलता मिली, लेकिन कुछ ही महीनों बाद विधानसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने शानदार जीत हासिल की। हरियाणा में भी लोकसभा चुनावों की बढ़त कांग्रेस विधानसभा चुनाव में बहुमत में नहीं बदल पाई और भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल रही। इन परिणामों से स्पष्ट है कि एक चुनाव की सफलता अगले चुनाव की गारंटी नहीं होती। "

अरविन्द सिसोदिया ने कहा कि " कांग्रेस को पंचायतीराज चुनावों की जीत का ढोल पीटने और भाजपा सरकार के विरुद्ध प्रदेशव्यापी जनादेश का नैरेटिव गढ़ने के बजाय संयम की परिपक्वता अपनाना चाहिए।"

सिसोदिया नें कहा कि " राजस्थान में कांग्रेस सत्ता में रहते हुए लोकसभा की सभी सीटें हार चुकी है, पंचायत चुनावों में बढ़त के बाद विधानसभा चुनाव हार चुकी है और मुख्यमंत्री रहते हुए अपने ही प्रदेश में मुख्यमंत्री के बेटे को लोकसभा चुनाव नहीं जिता पाई है। ऐसे इतिहास के बावजूद पंचायत चुनावों के परिणामों से सत्ता वापसी के दावे करना राजनीतिक अहंकार है।"

उन्होंने कहा कि " कांग्रेस को राजनीतिक मर्यादा में रहकर जनादेश का सम्मान करना चाहिए, जीत के बाद बदतमीजी और अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए। लोकतंत्र में जनता किसी दल की जागीर नहीं है। मतदाता हर चुनाव में स्वतंत्र होता है और उसका फैसला किसी पार्टी के दावों, जश्न या अहंकार से नहीं, बल्कि उसके अपने विवेक से तय होता है।"

पंचायत चुनावों की जीत विधानसभा की जीत नहीं और विधानसभा एवं लोकसभा की जीत का विकल्प भी नहीं है। कांग्रेस ज्यादा न इतराए, क्योंकि राजस्थान का मतदाता हर चुनाव में नई कसौटी रखता है और उस कसौटी पर कौन खरा उतरेगा, यह कांग्रेस के जश्न से नहीं, जनता के फैसले से तय होगा।

भवदीय
अरविन्द सिसोदिया
मोबाइल : 9414180151

==============

टिप्पणियाँ

इन्हे भी पढे़....

छत्रपति शिवाजी : सिसोदिया राजपूत वंश

सेंगर राजपूतों का इतिहास एवं विकास

तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहे।

माँ बाण माता : सिसोदिया वंश की कुलदेवी

‘फ्रीडम टु पब्लिश’ : सत्य पथ के बलिदानी महाशय राजपाल

खींची राजवंश : गागरोण दुर्ग

'वन स्टेट, वन इलेक्शन' की ऐतिहासिक पहल से राजस्थान ने देश को दिखाई राह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई के पात्र - अरविन्द सिसोदिया

कांग्रेस के राज में ही दसकों तक भारत की अर्थव्यवस्था मृत जैसी रही थी, आज मोदीजी का भारत पूरे विश्व में सीना ताने दौड़ रहा है - अरविन्द सिसोदिया

Ottavio Quattrocchi भारत से बड़ा इटालियन ओत्तावियो क्वात्रोच्चि

Fertilizer Bank System उर्वरक बैंक