देश में चल रही है भारतीय जनता पार्टी की आंधी : मोदी



देश में चल रही है भारतीय जनता पार्टी की आंधी : मोदी
भोपाल : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस को ललकारा और चेताया भी। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा की आंधी चल रही है, कांग्रेस ने अगर आपातकाल जैसा दमनचक्र चलाया तो देश की जनता उससे एक-एक कर हिसाब चुकता करेगी।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा के 'कार्यकर्ता महाकुंभ' में बुधवार को मोदी ने केंद्र की कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर जमकर हमले किए। उन्होंने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के दुरुपयोग की ओर इशारा करते हुए कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा व लेाकसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार नहीं उतारने वाली है, बल्कि उसकी तरफ से तो सीबीआई चुनाव लड़ेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि की भाजपा की आंधी के आगे उसमें चुनाव लड़ने का साहस ही नहीं बचा है।

उन्होंने कांग्रेस को चेताया कि अगर उसने आपातकाल जैसा दमनचक्र चलाया तो उसके नतीजे भी भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि तब जनता ने हिसाब किया था और अब ऐसा हुआ तो देश की जनता चुन-चुनकर हिसाब चुकता करेगी।

केंद्र सरकार पर मोदी ने भाजपा या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से जुड़े दलों की प्रदेश सरकार को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली सहित गरीबों की योजनाओं का लाभ भी भाजपा शासित राज्यों को नहीं दिया जा रहा है। कांग्रेस इन प्रदेश के लोगों को उनके हक से दूर कर रही है, कांग्रेस को इन प्रदेशों के लोगों के दर्द की चिंता नहीं है, साथ ही सवाल किया कि क्या इन प्रदेशों के लोग हिंदुस्तान के नहीं है? कांग्रेस को हर मामले में राजनीति दिखती है।

मोदी ने महात्मा गांधी की एक इच्छा पूरी न होने का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें गांधी जी की इच्छा को पूरा करना है। उनकी इच्छा थी कि कांग्रेस खत्म हो जाए मगर कांग्रेस के लोगों ने ऐसा नहीं होने दिया है, उनकी इस इच्छा को हम पूरा करेंगे। मोदी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की।

भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पहली बार मोदी के साथ मंच पर आए पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी सहज नहीं दिखे। उन्हें समाजवादियों से पार्टी के रिश्ते याद आ गए और राजग शासनकाल का जिक्र करने से वे नहीं हिचके।

आडवाणी ने भाजपा से पहले जनसंघ और पार्टी के विपक्षी दल से लेकर सत्ता तक पहुंचने की चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे समय तक विपक्ष में रही और लोगों को लगने लगा था कि यह दल विपक्षी दल के रूप में अच्छा काम करता है। पं दीनदयाल उपाध्याय के काल में भी कई राज्यों में सरकारें बनीं, आगे चलकर धीरे धीरे हमारा संपर्क अन्य लोगों से बढ़ा।

आडवाणी ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में समाजवादियों की चर्चा की और आगे कहा कि राममनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण और मोराजी देसाई से संपर्क बढ़ा और पार्टी का धीरे धीरे देश में असर बढ़ा। दिल्ली तक में सरकार बनी। छह साल केंद्र में सत्ता में रहने के अलावा आज कई राज्यों में भी पार्टी की सरकारें हैं।

आडवाणी ने राजग को भी याद किया और कहा कि राजग का ट्रैक रिकार्ड कांग्रेस से कहीं बेहतर है। इसकी तुलना किसी अन्य दल से की ही नहीं जा सकती है। उन्होंने भाजपा शासित तीनों राज्यों गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी, छत्तीसगढ़ के रमन सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सराहना करते हुए कहा कि इन तीनों राज्यों के लोगों को 24 घंटे बिजली मिलने लगी है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव भाषण से नहीं काम के आधार पर जीते जा सकते हैं।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर भाजपा को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने बम धमाकों के आरोप में पकड़े गए भावेश पटेल के पत्र का हवाला देते हुए कहा कि उस पत्र में पटेल ने कहा है कि उसने कांग्रेसी नेताओं के दबाव में भाजपा के नेताओं का नाम लिया था।

इसे मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर सीबीआई और आयकर विभाग के दुरुपयोग का आरोप लगाया और कहा कि धौंस दी जाती है। आयकर विभाग को छापा मारना है तो राबर्ट वाड्रा के यहां मारना चाहिए। मध्य प्रदेश और गुजरात में कांग्रेस इन दोनों संस्थाओं के दुरुपयोग करने की धौंस देती है।

इस कार्यकर्ता महाकुंभ को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज, राज्य सभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली, वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी, प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी संबोधित किया। (एजेंसी)

टिप्पणियाँ

इन्हे भी पढे़....

छत्रपति शिवाजी : सिसोदिया राजपूत वंश

तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहे।

क्रन्तिकारी तात्याटोपे को फांसी नहीं लगी थी

Creation, Consciousness, and Reincarnation: An Integrated Philosophical-Scientific Hypothesis

कण कण सूं गूंजे, जय जय राजस्थान

हिन्दु भूमि की हम संतान नित्य करेंगे उसका ध्यान

सेंगर राजपूतों का इतिहास एवं विकास

राजा मान सिंह का पुनर्जन्म

भगवान विष्णु का वराह अवतार god vishnu god varah

ईश्वरीय डिजिटलाइजेशन ही वास्तविक सृजन है - अरविन्द सिसोदिया