कांग्रेस जब परिसीमन करे तो सही,भाजपा के मोदीजी करें तो उसमें अड़ंगा ; कांग्रेस दोहरा चरित्र बंद करे — अरविन्द सिसोदिया

कांग्रेस जब परिसीमन करे तो सही, भाजपा के मोदीजी करें तो उसमें अड़ंगा ; कांग्रेस दोहरा चरित्र बंद करे — अरविन्द सिसोदिया

कोटा, 28 नवंबर। राजस्थान राज्य पाठ्यपुस्तक मंडल के शिक्षा प्रोत्साहन प्रन्यासी एवं वरिष्ठ बुद्धिजीवी अरविन्द सिसोदिया ने परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध को अवसरवादी, विरोधाभासी और दोहरे चरित्र की राजनीति बताते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि " कांग्रेस जब अपने शासनकाल में परिसीमन कराती थी, तब उसे लोकतंत्र और संविधान की प्रक्रिया स्वीकार्य थी और आज उसी कर्तव्य का पालन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार करना चाहती है, कांग्रेस तमाम झूठे नैरेटिव गढ़ कर भ्रम फैला रही है, अड़ंगा लगा रही है।"
सिसोदिया ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन से सांसदों एवं विधायकों की संख्या में लगभग 50 प्रतिशत वृद्धि होने से जनप्रतिनिधित्व अधिक व्यापक होगा। इससे बढ़ चुकी जनसंख्या के अनुरूप जनता की आवाज संसद और विधानसभाओं में अधिक मजबूती से पहुंचेगी, जनप्रतिनिधियों पर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी अधिक प्रभावी होगी और लोकतंत्र जमीनी स्तर पर सशक्त बनेगा। वहीं, प्रत्येक तीसरी सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होने से नारी शक्ति को विधायी संस्थाओं में अधिक भागीदारी और नेतृत्व का अवसर मिलेगा। इससे देश की संसद और विधानसभाओं में महिला प्रतिनिधित्व ऐतिहासिक रूप से मजबूत होगा तथा लोकतंत्र अधिक समावेशी, सहभागी और सशक्त बनेगा।"
कांग्रेस के शासनकाल में भी हुआ परिसीमन, इतिहास इसका गवाह है

अरविन्द सिसोदिया ने कहा कि " स्वतंत्र भारत में परिसीमन का इतिहास कांग्रेस के शासनकाल से जुड़ा रहा है। कांग्रेस ने स्वयं अनेक बार परिसीमन आयोग गठित किए, निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन कराया और लोकसभा सीटों की संख्या में परिवर्तन किया है। इतिहास के तथ्य कांग्रेस के आज के विरोध की पोल खोलते हैं।"
सिसोदिया ने कहा कि " स्वतंत्र भारत में 1952, 1963 और 1973 में हुए तीनों शुरुआती परिसीमन आयोग कांग्रेस शासनकाल में गठित हुए, जिनके माध्यम से लोकसभा सीटों की संख्या 489 से बढ़कर 545 तक निर्धारित हुई। वहीं, तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासन में 42वें संविधान संशोधन, 1976 के जरिए 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों के राज्यवार आवंटन को स्थिर कर दिया गया। बाद में अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार ने 2002 में चौथे परिसीमन आयोग का गठन किया, जिसने 2001 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया, लेकिन राज्यों की कुल लोकसभा सीटों में वृद्धि नहीं की। 84वें संविधान संशोधन, 2001 के माध्यम से सीटों की स्थिरता 2026 तक बढ़ाई गई।" उन्होंने कहा कि " कांग्रेस-यूपीए सरकार के कार्यकाल में  ही सीटों का पुनर्गठन हुआ और चुनाव 2008 से चौथे परिसीमन के तहत नए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के अनुसार चुनाव होने लगे, जो आज भी जारी हैं।" 

 सिसोदिया ने सवाल किया कि " जब कांग्रेस के शासनकाल में परिसीमन लोकतांत्रिक और संवैधानिक प्रक्रिया था, इंदिरा गांधी ने सीटों की संख्या स्थिर की और कांग्रेस-यूपीए सरकार ने उसी व्यवस्था को आगे बढ़ाया, तो आज मोदीजी के नेतृत्व में परिसीमन की बात आते ही कांग्रेस विरोध और भ्रम की राजनीति क्यों कर रही है? कांग्रेस को अपने ही इतिहास से सबक लेकर दोहरे मापदंड छोड़ने चाहिए।" उन्होंने कहा कि "  परिसीमन का उद्देश्य केवल सीटें बढ़ाना नहीं, बल्कि निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्संतुलन, लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व और बदलती जनसंख्या के अनुरूप व्यवस्था को अद्यतन करना भी है, जो कि संवैधानिक कर्तव्य है। "

संवैधानिक कर्तव्य को राजनीतिक हथियार न बनाए कांग्रेस

सिसोदिया नें कहा कि " कांग्रेस यदि वास्तव में लोकतंत्र, संविधान और जनप्रतिनिधित्व की पक्षधर है तो उसे बताना चाहिए कि क्या वह बदलती और बहुत अधिक हो चुकी जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व की संवैधानिक व्यवस्था सुधार का विरोध किस आधार पर करती है या केवल मोदी जी के विरोध के लिए मोदी सरकार के सभी कदम का विरोध करना ही उसकी राजनीति का उद्देश्य रह गया है?"

सिसोदिया नें कहा कि " कांग्रेस को अपने ही इतिहास से सबक लेना चाहिए। जब कांग्रेस के शासन में परिसीमन हुआ तो वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया था, आज उसी संवैधानिक विषय पर विरोध और भ्रम फैलाना राजनीतिक अवसरवाद है। जनता अब इस दोहरे मापदंड को समझती है। कांग्रेस जनता से बेईमानी करना बंद करे और देशहित में परिसीमन पर सकारात्मक, स्पष्ट एवं जिम्मेदार रुख अपनाए।"

जारीकर्ता :
अरविन्द सिसोदिया
मोबाइल : 9414180151

===============

सिसोदिया ने कहा कि " परिसीमन कोई राजनीतिक दल की निजी योजना नहीं, बल्कि संवैधानिक प्रतिबद्धता और संवैधानिक व्यवस्था के अंतर्गत होने वाली प्रक्रिया है। लोकतंत्र में जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व, निर्वाचन क्षेत्रों की संतुलित संरचना और प्रत्येक नागरिक के मत का उचित महत्व सुनिश्चित करना आवश्यक है। कांग्रेस को बताना चाहिए कि आखिर जिस प्रक्रिया को उसके शासनकाल में स्वीकार किया गया, आज उसी प्रक्रिया से उसे झूठी आपत्ति क्यों है? "

परिसीमन का ऐतिहासिक क्रम इस प्रकार है 

1. पहला परिसीमन आयोग — 1952: स्वतंत्र भारत में पहले परिसीमन आयोग का गठन 1952 में हुआ। 1951 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किया गया। पहली लोकसभा में 489 निर्वाचित सीटें थीं, जो मात्र पांच साल बाद ही 1957 के चुनाव तक बढ़कर 494 हो गईं। यह प्रक्रिया कांग्रेस शासन में हुई थी।

2. दूसरा परिसीमन आयोग — 1963: दूसरे परिसीमन आयोग का गठन 1963 में हुआ। 1961 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किया गया। आयोग ने लोकसभा सीटों की संख्या 522 तक निर्धारित की, जबकि 1967 के आम चुनाव में 520 सीटों पर चुनाव हुए। तब कांग्रेस ने परिसीमन का विरोध नहीं किया, बल्कि इसी संवैधानिक प्रक्रिया के तहत चुनाव व्यवस्था आगे बढ़ी।

3. तीसरा परिसीमन आयोग — 1973: तीसरे परिसीमन आयोग का गठन 1973 में हुआ। 1971 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की संरचना तय की गई और अधिकतम सदस्य संख्या 545 निर्धारित की गई। 1977 के लोकसभा चुनाव में 542 सीटों पर चुनाव हुए। यह परिसीमन भी कांग्रेस शासनकाल में प्रारंभ हुआ था।

4. इंदिरा गांधी शासन में सीटों की संख्या पर रोक — 1976: कांग्रेस के इतिहास में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासनकाल में 42वें संविधान संशोधन, 1976 के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में राज्यों के सीट आवंटन को 1971 की जनगणना के आधार पर स्थिर कर दिया गया।

5. अटलजी की सरकार में चौथे परिसीमन की प्रक्रिया — 2002: अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व वाली केंद्र की गठबंधन सरकार के समय 2002 में चौथे परिसीमन आयोग का गठन किया गया। इस आयोग ने 2001 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया, लेकिन राज्यों को आवंटित लोकसभा सीटों की कुल संख्या में वृद्धि नहीं की। 84वें संविधान संशोधन, 2001 के माध्यम से सीटों की स्थिरता की अवधि आगे बढ़ाई गई और 2026 तक सीटों के राज्यवार आवंटन को स्थिर रखने की व्यवस्था की गई।

6. कांग्रेस-यूपीए सरकार के कार्यकाल में परिसीमन लागू — 2008: चौथे परिसीमन आयोग का गठन भले ही अटलजी की सरकार में हुआ हो, किन्तु इसकी अधिकांश प्रक्रिया डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुई थी। उस समय नए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं लागू की गईं और देश ने नए परिसीमन के आधार पर 2008 से चुनाव प्रक्रिया अपनाई, जो अभी तक चल रही है। कांग्रेस सरकार ने परिसीमन की संवैधानिक व्यवस्था को कई बार लागू किया, फिर आज उसी परिसीमन पर कांग्रेस विरोध की राजनीति कैसे कर रही है?

इंदिरा गांधी ने सीटें स्थिर कीं, कांग्रेस ने बाद में उसी व्यवस्था को आगे बढ़ाया

सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि इंदिरा गांधी के शासनकाल में जनसंख्या के आधार पर सीटों की संख्या स्थिर रखने का निर्णय क्यों लिया गया और बाद में कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार ने 2001 के संविधान संशोधन के माध्यम से इस व्यवस्था को आगे क्यों बढ़ाया? उस समय जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व के पुनर्संतुलन को स्थगित करना स्वीकार्य था, लेकिन आज नई परिस्थितियों में आगे की संवैधानिक व्यवस्था पर चर्चा होते ही कांग्रेस विरोध क्यों कर रही है?

टिप्पणियाँ

इन्हे भी पढे़....

छत्रपति शिवाजी : सिसोदिया राजपूत वंश

तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहे।

सेंगर राजपूतों का इतिहास एवं विकास

माँ बाण माता : सिसोदिया वंश की कुलदेवी

Fertilizer Bank System उर्वरक बैंक

Ottavio Quattrocchi भारत से बड़ा इटालियन ओत्तावियो क्वात्रोच्चि

कण कण सूं गूंजे, जय जय राजस्थान

खींची राजवंश : गागरोण दुर्ग

‘फ्रीडम टु पब्लिश’ : सत्य पथ के बलिदानी महाशय राजपाल

एक निरंतर प्रवाहमान सभ्यता, संस्कृति और जीवन पद्धति