राष्ट्रवाद के महानायक ‘ पूज्य श्री गुरूजी ’ The great hero of nationalism 'Pujya Shri Guruji'

Guru ji

राष्ट्रवाद के महानायक ‘‘पूज्य श्री गुरूजी’
अरविन्द सीसौदिया
विश्व स्तर पर भारतीय क्षितिज के जिन व्यक्तित्वों की आहट सुनी जाती थी, उनमें 1940 से 1945 तक, महात्मा गांधी ( नरमपंथी और अहिंसक के नाते ) सरदार वल्लभ भाई पटेल (गरमपंथी और कट्टरता के नाते) नेताजी सुभाषचन्द्र बोस (हर कीमत पर देश की आजादी के लिए प्रतिबद्ध सेनापति के नाते ), मौहम्मद अली जिन्ना (हर हाल में मुस्लिम वर्चस्व के नाते) और पं. जवाहरलाल नेहरू (साम्यवादी विचारों के साथ-साथ, रशिया के प्रति श्रृद्धा और ईस्ट इण्डिया कम्पनी के वफादार नेहरू खानदान के वंशज के नाते अंग्रेजवादी)।
इस सूची में परिवर्तन 1945 में हुआ। नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की 18 अगस्त 1945 को हवाई दुर्घटना में कथित मृत्यु के पश्चात इस रिक्त स्थान की पूर्ति प्रखर राष्ट्रवादी ‘माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर’ उपनाम ‘श्री गुरूजी’ के प्रखर व्यक्तित्व ने की, जो उनके स्वर्गवास होने तक बनी रही।
इसी कारण पूज्य श्री गुरूजी के संदर्भ में बी.बी.सी. लंदन ने अपने प्रसारण में कहा था ‘‘नेहरू और सरदार पटेल के बाद कौन....? इस प्रश्न का उत्तर वामपंथियों के नेता नहीं, संघ प्रमुख गोलवलकर हैं।’’ श्री गुरूजी के कृतित्व और व्यक्तित्व के संदर्भ में कोई एक पंक्ति में बात कहनी हो तो वह सिर्फ यह है कि ‘‘श्री गुरूजी के विचारों को देश की तत्कालीन नेहरू जी की सरकार ने सुना होता तो, आज भारत अमरीका की तरह विश्व नेतृत्व कर रहा होता।’’ 
उन्होंने भारतमाता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए 33 वर्ष तक जो साधना की उसी का परिणाम है कि भारत में आज भी राष्ट्रवाद है, कश्मीर है और लोकतंत्र है। उनके ही प्रेरित राष्ट्रभक्तों की वह शक्ति थी, जिसने 1948 में जम्मू और कश्मीर का भारत में विलय सम्भव करते हुए इस क्षैत्र की कबाईली सेनाओं से रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 1942 के भारत छोडो आंदोलन में भी स्वयंसेवकों ने भरपूर काम किया, रियासतों के विलय करने में तो सर्वाधिक मेहनत किसी ने की तो वह संघ था। बिना श्रेय लिये सब कुछ करने की आदत के कारण भले ही इतिहास के पन्नों पर कम अंकित हो मगर जिन्होने इन कार्यों को किया उन्हें  सब कुछ मालूम है। संघ के ही संघर्ष ने 1975 में लागू किये गये कांग्रेस के आपातकाल रूपी हिटलरी साम्राज्य को देश से समाप्त करने पर मजबूर कर दिया ।
जन्मकाल
फाल्गुन कृष्ण पक्ष, विजया एकादशी, सोमवार, संवत् 1962, दिनांक 19 फरवरी 1906, भोर के 4 बजकर 21 मिनिट, जन्म स्थान नागपुर, मूल नक्षत्र, चतुर्थ चरण, धनु लग्न चन्द्र भी धनु में।
श्री गुरूजी के नाम से विख्यात, उदीयमान भारत के प्रतिरूप राष्ट्रचेतना के महानायक मा. माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघ चालक थे। उन्होंने अथक परिश्रम और निरंतर देश भ्रमण से लगभग 33 वर्ष तक इस पद पर रहते हुए भारत के राष्ट्रीय चरित्र के उत्थान का नवनिर्माण किया। उनकी प्रेरणा से भारतमाता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए एक विशाल श्रृंखला समाज के विविध क्षैत्रों में निरंतर कार्यबद्ध हैं। 
वे अंग्रेजी, विज्ञान और विधि के प्रकाण्ड ज्ञाता थे,  आध्यात्मिक संवेगों के कारण वे आजीवन संत के रूप में सामाजिक उन्नयन, विकास और कुरीतियों के निवारणार्थ मानवता की सेवा में कार्यरत रहे। उन्हें अपनी मृत्यु का आभास था। उन्होंने मृत्यु से पूर्व 2 अप्रैल 1973 को ही तीन पत्र लिख कर नागपुर संघ कार्यालय प्रमुख पांडुरंग पंत क्षीरसागर को सौंप दिये थे और उन्हें उनकी मृत्यु के उपरांत खोले जाने को कह दिया था।
अंतिम समय में भी हास्य-विनोद
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी लिखते हैं , ‘‘दिनांक 5 जून 1973, सवेरे का समय, चायपान का वक्त, परम पूज्य श्री गुरूजी के कमरे में जब हम लोग प्रविष्ट हुए तब वे कुर्सी पर बैठे हुए थे। चरण स्पर्श के लिए हाथ बढ़ाते ही उन्होंने पैर पीछे खींच लिए। श्री गुरूजी विनोद वार्ता सुनाने लगे कि एक मरीज एक डाॅक्टर के पास गया। डाॅक्टर ने पूछा - क्या कष्ट है ? सारी कहानी सुनाओ ! मरीज बिगड़ गया और बोला ‘‘अगर मुझे ही अपना रोग बताना है तो फिर आप निदान क्या करेंगे ? बिना बताये जो बिमारी समझे, ऐसा डाॅक्टर मुझे चाहिये! ’’ डाॅक्टर एक क्षण चुप रहे, फिर बोले ‘‘ठहरो, तुम्हारे लिये दूसरा डाॅक्टर बुलाता हूं।’’ दूसरा डाॅक्टर आया, वह जानवरों का डाॅक्टर था, बिना कुछ कहे सब समझ लेता था।’’ यह कहानी सुन कर सभी हंसने लगे। मृत्यु शैया, कठिन बीमारी, अशक्त शरीर के बावजूद इतना अधिक आत्मबल, एक तरफ शरीर छूट रहा है, दूसरी तरह कोई दुःखी न हो, इसलिए वे लगातार विनोद किये जा रहे हैं और अन्ततः इसी दिन रात्रि 9 बजकर 5 मिनिट पर उनकी इस लोक की यात्रा पूरी हुई।
तृतीय सरसंघचालक बाला साहब देवरस
श्री गुरूजी द्वारा पांडुरंग पंत क्षीरसागर को दिये गये तीनों पत्र सबके सामने खोले गये। एक पत्र में श्री गुरूजी ने संघ के सरसंघचालक के नाते नेतृत्व का भार श्री बालासाहब देवरस के कंधो पर सौंपा था। दूसरे पत्र में उन्होंने आज्ञा दी थी कि उनका कोई स्मारक न बनाया जाये। तीसरे पत्र में श्रीगुरूजी ने अत्यंत विनम्रता से भावभीने शब्दों में प्रार्थना की थी।
अंतिम संस्कार 
गुरूजी की अंतिम संस्कार यात्रा ‘रेशम बाग’ में सायं 7ः45 बजे सम्पन्न हुई। उनके चचेरे भाई वासुदेव राव गोलवलकर ने मुखाग्नि दी। लगभग तीन लाख लोगों ने इस अंतिम यात्रा में भाग लिया। देश के लगभग सभी बड़े राजनेताओं, समाचार पत्र समूहों और संतों ने उनको श्रृद्धांजलियां अर्पित की। जिसमें आचार्य विनोबा भावे, शंकराचार्य कांची कोटि पीठ स्वामी जयेन्द्र सरस्वती, पुरी के जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी निरंजन देव तीर्थ, स्वामी करपात्री जी महाराज, जैन संत तुलसी, राष्ट्रपति व्ही.व्ही. गिरी, उपराष्ट्रपति गोपाल स्वरूप पाठक, प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी, लोकसभा अध्यक्ष गुरूदयाल सिंह ढिल्लो, जयप्रकाश नारायण, जगजीवन राम, बाल ठाकरे, कामरेड़ तकी रहीम, साहित्यकार गुरूदत्त सहित नागपुर टाईम्स, ट्रिब्यून, टाइम्स आॅफ इण्डिया, इण्डियन एक्सप्रेस, हिन्दुस्तान टाइम्स, नवभारत टाइम्स, हिन्दुस्तान, ब्लिट्ज सहित यह श्रृंखला अनन्त अनगिनत थी।
आत्मरक्षा: जन्मसिद्ध अधिकार
वर्ष 1946, स्थान नागपुर, अवसर विजयदशमी महोत्सव, ‘‘प्रतिकार न करने की भाषा पराक्रमी वृत्ति का घोतक नहीं है। आप भले ही प्रतिकार न करें , परन्तु उतने से ही आप पर आक्रमण करने के लिए तैयार बैठे लोग अपनी काली करतूतों से बाज थोड़े ही आने वाले हैं ? यह कभी न भूलिये कि काली मंदिर में बलि के लिए ले जाने वाला अजापुत्र (बकरा) अप्रतिकार की ही साक्षात मूर्ति होता है। हमें बलि का बकरा नहीं बनना है। आत्मरक्षा प्रत्येक व्यक्ति और समाज का प्रकृति सिद्ध अधिकार है।
देशभक्त है संघ: सरदार पटेल
पटेल का संघ को कांग्रेस के विलय का आमंत्रण
भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल, विभाजन के दौरान व्यवस्था निर्माण और रियासतों के विलय में संघ के सहयोग से बहुत प्रसन्न थे। 
      विभाजन के दौरान संघ का ही सेवा कार्य हिन्दुओं के काम आ रहा था, पूरे देश का एक सूत्र में पिरोने के लिये, रियासतों का विलय संभव करवाने में संघ ही पटेल के साथ खडा था। पटेल ने 1948 में परम पूज्य श्री गुरू जी को एक पत्रोत्तर में लिखा ‘‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने संकटकाल ( विभाजन के दौरान ) में हिन्दू समाज की सेवा की, इसमें कोई संदेह नहीं। ऐसे क्षैत्रों में जहां उनकी सहायता की आवश्यकता थी, संघ के नवयुवकों ने स्त्रियों तथा बच्चों की रक्षा की तथा उनके लिए काफी काम किया। किंतु मुझे विश्वास है कि संघ के लोग अपने देशप्रेम को कांग्रेस के साथ मिलकर ही सम्पन्न कर सकते हैं।’’ 
यह दूसरी बात है कि संघ ने कभी भी अन्य किसी संस्था में अपने विलय के आमंत्रण को स्वीकार ही नहीं किया।
सरदार पटेल की कांग्रेस को चेतावनी
6 जनवरी 1948 को आकाशवाणी केन्द्र, लखनऊ से सरदार पटेल का भाषण प्रसारित हुआ, जिसमें उन्होंने संघ को श्रेष्ठ राष्ट्रभक्ति का स्रोत ठहराते हुए कहा ‘‘कांग्रेस में जो लोग सत्तारूढ़ हैं, सोचते हैं कि वे अपनी सत्ता के बल पर संघ को कुचल सकेंगे। डण्डे के बल पर आप किसी संगठन को दबा नहीं सकते। डण्डा तो चोर - डाकुओं के लिए होता है। आखिर संघ के लोग चोर - डाकू तो हैं नहीं ! वे देशभक्त हैं और अपने देश से प्रेम करते हैं।’’
चीनी आक्रमण से पूर्व सचेत किया
18 मई 1956 के पाचंजन्य साप्ताहिक में श्री गुरूजी का ‘‘तिब्बत और कम्यूनिस्ट मुक्ति’’ नामक लेख प्रकाशित हुआ। उसमें उन्होंने सचेत किया ‘‘......यह सब मानव की लिप्सा, विस्तार वृत्ति और निरंकुशता का ही नया रूप है, जो आज तिब्बत में खुलकर मृत्यु का ताण्डव रच रहा है। तिब्बत में चीनी विजय पर खुशियां मनाने वालों के लिए तथा अपने इस देश में भी इसी प्रकार की ‘मुक्ति’ का स्वप्न देखने वालों के लिए इतिहास का यह सबक है।’’ वे लगातार कहते रहे हैं कि चीन की आंख भारत पर है, वह लद्दाख को निगल जाना चाहता है।
प्रधानमंत्री नेहरू के आमंत्रण पर
गणतंत्र दिवस की परेड में संघ
नई दिल्ली, 26 जनवरी 1963, गणतंत्र दिवस समारोह। तत्कालीन प्रधानमंत्री,जवाहरलाल नेहरू के आमंत्रण पर परेड़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की एक टुकड़ी 3000 संख्या सम्मिलित हुई। पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों की स्फूर्ति, कदमताल ने अपनी आभा अलग ही बिखेरी। गणतंत्र दिवस परेड़ का एक प्रमुख आकर्षण यह दल रहा। जब कुछ कांग्रेसी नेताओं ने संघ को परेड में आमंत्रित किये जाने पर आपत्ति की थी, तब पंडित नेहरू ने यह कहते हुए उनकी आपत्ति रद्द कर दी थी कि ‘‘देशभक्त नागरिकों को मैंने आमंत्रित किया है।’’
नेहरू की समझ में जब संघ आया और साम्यवादी विश्वासघात का पर्दा उठा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चीन जमीन हड़प चुका था, देश की फौजों ने निशस्त्र लड़ाई लड़ी, बलिदान दिया और इसी पश्चाताप में नेहरू 1964 में चल बसे।
अणुबम बनाया जाये: श्री गुरूजी
उन्होंने सरकार को चेताया था कि ‘‘सरकार को चाहिये कि सभी उद्योगपतियों, वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों का आव्हान करें तथा उनके सहयोग से यथाशीघ्र ऐसे आयुधों का निर्माण करें जो शत्रु के प्राप्त होने वाले आयुधों से श्रैष्ठतर हों। कम्यूनिस्ट चीन के पास अणुबम होने से, उसका बनाना हमारे लिए भी अत्यावश्यक हो गया है। यह हमारी अंतिम विजय प्राप्ति की क्षमता के सम्बन्ध में जनता तथा सेना के मस्तिष्क में विश्वास उत्पन्न करेगा। सिद्धान्त एवं तात्विक निषेधों को बाधास्वरूप इसके मार्ग में नहीं आने देना चाहिए।’’ इस वक्तव्य के पश्चात श्रीमति इंदिरा गांधी ने इस पर कार्य को किया और 1971 में हम परमाणु क्षमता अर्जित कर चुके थे, मगर अमरीकी दबाव में आगे नहीं बढ़ सके।  1998 में अटलबिहारी वाजपेयी की 13 महीने की दूसरी सरकार ने पांच परमाणु परीक्षण कर भारत में अपने आप को परमाणु शक्ति सम्पन्न देश घोषित कर दिया। तब से सारी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ गया और उसकी बात सुनी जाने लगी।
युअर आर्मी नहीं अवर आर्मी
1965 में पाकिस्तान ने भारत पर आक्रमण कर दिया। प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने श्री गुरूजी को दूरभाष करके दिल्ली बुलाया और सर्वपक्षीय मंत्रणा समिति की बैठक में भाग लेने का अनुरोध किया। गुरूजी ने बैठक में जोर देकर कहा ‘‘हमारा ‘एम’ (लक्ष्य) निश्चित है, वह है अपने सम्मान की रक्षा कर आक्रामकों को करारा सबक सिखाना और विजय प्राप्त करना।’’ इसी बैठक में एक सहभागी बार-बार ‘‘युअर आर्मी’’ ( तुम्हारी सेना) शब्द का प्रयोग कर रहे थे, जब उन्होंने तीसरी बार यही शब्द कहा तो श्री गुरूजी ने टोकते हुए कहा ‘‘युअर आर्मी नहीं अवर आर्मी (हमारी सेना) बोलिये।’’
यह एकरस हिन्दू राष्ट्र है: श्री गुरूजी
काशी विश्वविद्यालय में पहले छात्र और फिर प्राध्यापक के रूप में रहते हुए वहां के पुस्तकालय से अनेक ग्रन्थ उन्होंने पढ़े। दर्शनशास्त्र के गहन अध्ययन ने उन्हें आध्यात्म से जोड़ दिया। उन्होंने विविध उपासना मार्गों का मनोयोग से अध्ययन किया, मगर उनके तार्किक मन की तृप्ति नहीं हुई, उनकी भेंट स्वामी विवेकानन्द के गुरूभाई स्वामी अखण्डानन्द जी से हुई, जो उस समय रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष भी थे। सारगाछी में उनसे ‘‘श्री गुरूजी’’ ने सन्यास जीवन की दीक्षा ली। अखण्डानन्द जी के निधन के पश्चात वे नागपुर लौट आये।
प्रतिज्ञा: संघ में सक्रीय प्रवेश
‘‘सर्वशक्तिमान श्री परमेश्वर तथा अपने पूर्वजों का स्मरण कर मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि अपने पवित्र हिन्दू धर्म, हिन्दू संस्कृति तथा हिन्दू समाज का संरक्षण कर हिन्दू राष्ट्र को स्वतंत्र करने के लिए मैं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का घटक बना हूं। संघ का कार्य मैं प्रमाणिकता, निःस्वार्थ-बुद्धि तथा तन-मन-धन पूर्वक करूंगा और इस व्रत का मैं आजन्म पालन करूंगा। भारत माता की जय।’’
पूर्व में ही काशी में उनके संघ से सम्बन्ध जुड़ गया था, नागपुर में तुलसी बाग मुख्य शाखा के कार्यवाही का कार्य उन्होंने किया था, मुम्बई जाकर प्रचारक का काम किया था। अकोला के संघ शिक्षा वर्ग के सर्वाधिकारी के नाते भी उत्तम कार्य किया था।
उन्होंने डाॅ. हेडगेवार जी से धर्म, राष्ट्र, स्वतंत्रता, समाज-सुधार, संस्कृति आदि विषयों पर गहन विचार विमर्श किया। डाॅक्टर साहब के विचार सटीक और स्पष्टता से पूर्ण होते थे, जिनका गहरा प्रभाव श्री गुरूजी पर पड़ा।
‘‘हेडगेवार जी की दृष्टि में श्री गुरूजी’’
‘‘माधवराव (श्री गुरूजी) प्राध्यापक हैं, अधिवक्ता हैं, विद्वान हैं, विचारक हैं और सबसे अधिक संघ के निष्ठावान स्वयंसेवक हैं।’’
हिन्दुत्व का शंखनाद: हम स्वराज चाहते हैं
अपनी भूमिका को स्पष्ट करते हुए उन्होंने प्रारम्भ में ही लिखा ‘‘राष्ट्रीय पुनरूत्थान के लिए कटिबद्ध होकर हम खड़े हैं। कुछ राजनीतिक अधिकारों का सतनजा बने हुए नये राज्य भाव के लिए नहीं! हम स्वराज्य चाहते हैं। ‘स्व-राज्य’ अर्थात् हमारा राज्य! पर हम कौन हैं ? हमारी ‘राष्ट्रीयता’ क्या है ? आज के इस क्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण इस प्रश्न का समुचित उत्तर देने का अब हम प्रयास करेंगे।’’ यही था श्री गुरूजी का संकल्प, यही था वह शंखनाद, जिसने उनकी भी और देश की भी एक नई राह तय कर दी, जो स्वाभिमान और सार्वभौमिकता के स्वावलम्बन से सम्मुन्नत थी।
यह हिन्दू राष्ट्र है.....
‘मराठे, राजपूत, सिख आदि क्षात्रतेज से चमकते वीरों ने प्राणों की बाजी लगाकर इस हिन्दू राष्ट्र को बनाये रखा। वह दुर्बल हुआ, पर विजीत या नमित नहीं हुआ। आज भी वह लड़ाई चल रही है।
जी हां, यह राष्ट्र है। यह हिन्दू राष्ट्र है। देश, वंश,    धर्म, संस्कृति और भाषा इन पांच प्रमुख घटकों से युक्त, यह एक रस हिन्दू राष्ट्र है।
ताशकन्द वार्ता भूल सिद्ध होगी: श्री गुरूजी
12 दिसम्बर 1965 को अंग्रेजी साप्ताहिक ‘‘आॅर्गेनाईजर’’ में गुरूजी की एक विशेष भेंटवार्ता प्रकाशित हुई थी, जिसमें उन्होंने कहा था ‘‘मेरे मतानुसार प्रधानमंत्री के लिए ताशकन्द न जाना ही उचित होगा, क्योंकि आक्रांता और आक्रान्त को समान धरातल पर रखकर दोनों को ही वार्ता के लिए आमंत्रण दिया गया है। ताशकन्द वार्ता में यदि कोई परिणाम निकला तो वह भारतवर्ष के राष्ट्रीय हितों के लिए अत्याधिक घातक होगा। पाकिस्तान अभी भी आक्रामक दृष्टिकोण बनाए हुए है। इसलिये वृहद परिणाम पर पुनः यु( अवश्य होगा।
उनकी बात सही निकली, ताशकन्द में जीती जमीन वापस गई, सैनिकों का बलिदान व्यर्थ हुआ। प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जीवित नहीं लौटे और 1971 में फिर से युद्ध हुआ। पाकिस्तान का विभाजन, बांग्लादेश बना।
प्रमुख संगठनों की स्थापना के मार्गदर्शी
सामाजिक क्षैत्र के जिन संगठनों को स्थापित करवाने में श्री गुरूजी ने महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया उनमें प्रमुख हैंः
1. विद्यार्थी क्षैत्र में अखिल भारत विद्यार्थी परिषद 
2. राजनैतिक क्षैत्र में भारतीय जनसंघ (भा.ज.पा.)
3. श्रमिक क्षैत्र में भारतीय मजदूर संघ
4. कृषि क्षैत्र में किसान संघ
5. हिन्दु समाज के लिये विश्व हिन्दू परिषद।
 
- राधाकृष्ण मंदिर रोड, डडवाड़ा, कोटा जं.-2

टिप्पणियाँ

  1. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व इसके पुरोधाओ का इतिहास गौरव पूर्ण तथा अनुकरणीय रहा है।
    भारत राष्ट्र का गौरव, राष्ट्रीय मूल्य व अखंडता का चिन्तन संघ की विशेषता है।

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इन्हे भी पढे़....

विश्व व्यापी है हिन्दुओँ का वैदिक कालीन होली पर्व Holi festival of Vedic period is world wide

हमारा देश “भारतवर्ष” : जम्बू दीपे भरत खण्डे

सेंगर राजपूतों का इतिहास एवं विकास

तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहे।

हमें वीर केशव मिले आप जबसे : संघ गीत

भाजपा की सुपरफ़ास्ट भजनलाल शर्मा सरकार नें ऐतिहासिक उपलब्धियां का इतिहास रचा

रामसेतु (Ram - setu) 17.5 लाख वर्ष पूर्व

दीवान टोडरमल के समर्पण शौर्य पर हिन्दुत्व का सीना गर्व से चौंडा हो जाता है - अरविन्द सिसौदिया Diwan-Todar-Mal

कांग्रेस की हिन्दू विरोधी मानसिकता का प्रमाण

भारत को आतंकवाद के प्रति सावचेत रहना ही होगा - अरविन्द सिसोदिया